छत्तीसगढ़ में जमकर बरस रहा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश; अगले 2 दिन के लिए अलर्ट जारी

वार्ता, रायपुर
Follow us on Google News
share

छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय हो गया है। शनिवार को राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। साथ ही लोगों से खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।

chhattisgarh weather news

छत्तीसगढ़ में मानसून के सक्रिय होने के साथ शनिवार देर रात राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अनेक जिलों में जोरदार बारिश हुई। इससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मध्य एवं दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

घरों में पानी घुसा

राजधानी रायपुर में शनिवार रात लगभग आधे घंटे के दौरान 30 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण टाटीबंध क्षेत्र में कई घरों में पानी घुस गया। इससे पहले शनिवार शाम हुई बारिश से मंडी गेट, बीजेपी ऑफिस तथा रोहिणीपुरम कॉलोनी सहित विभिन्न इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी थी। दुर्ग, जगदलपुर और राजनांदगांव में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।

पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश में मानसून अब सक्रिय हो चुका है। विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा तथा कबीरधाम जिलों के कुछ हिस्सों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। लोगों से खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।

आकाशीय बिजली गिरने की संभावना

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया तथा बलरामपुर जिलों के कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ गरज-चमक एवं वर्षा होने तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है।

बस्तर के बड़े बचेली में 140 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटों के वर्षा आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 140 मिमी बारिश बस्तर के बड़े बचेली में दर्ज की गई। इसके अलावा ओरछा और चांपा में 70-70 मिमी, कोंटा, कुटरू, भैरमगढ़, थानखम्हरिया तथा बरमकेला में 60-60 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं मलखरौदा, कोहकामेटा, शिवरीनारायण, जांजगीर, बीजापुर, सारंगढ़, गंगालूर तथा सारिया में 50-50 मिमी बारिश दर्ज हुई।

इस बीच नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. संगीता ने शनिवार देर शाम को रायपुर नगर निगम मुख्यालय में समीक्षा बैठक लेकर शहर में जलभराव, अधूरे विकास कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, स्वच्छता व्यवस्था तथा कर्मचारियों के वेतन भुगतान की समीक्षा की।

नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

बैठक में आर. संगीता ने बारिश के मौसम को देखते हुए जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर तत्काल सफाई कराने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे एक ही स्थान पर बार-बार जलभराव की स्थिति न बने। उन्होंने राजधानी की सफाई व्यवस्था को राज्य की राजधानी के अनुरूप बेहतर बनाने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को 100 प्रतिशत प्रभावी करने तथा कचरा परिवहन व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsछत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ में जमकर बरस रहा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश; अगले 2 दिन का अलर्ट