
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड चेयरमैन बोले- कांग्रेस ने मुस्लिमों को सिर्फ आतंकवादी बनाया, राष्ट्रीय एकता से रखा दूर
सलीम राज ने गणतंत्र दिवस को लेकर कहा है कि राज्य की सभी दरगाहों, मस्जिदों, इमामबाड़ों और वक्फ बोर्ड के दफ्तरों में तिरंगा फहराया जाएगा। सलीम ने 15 अगस्त और 26 जनवरी पर ध्वजारोहण के अलावा मिठाई बांटने का भी समर्थन किया।
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के चेयरमैन सलीम राज ने गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस और कांग्रेस बीजेपी को लेकर ऐसा बयान दिया है जिसकी जमकर चर्चा हो रही है। सलीम राज ने कहा है कि कांग्रेस ने मुसलमानों को सिर्फ आतंकवादी बनाने का काम किया और राष्ट्रीय एकता से दूर रखा। यही नहीं उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पार्टी ने मुसलमानों को संदिग्ध गतिविधियों से जोड़कर रखा। सलीम राज ने भारतीय जनता पार्टी को लेकर कहा कि वह राष्ट्रवाद का समर्थन करती है।
वहीं सलीम राज ने गणतंत्र दिवस को लेकर कहा है कि राज्य की सभी दरगाहों, मस्जिदों, इमामबाड़ों और वक्फ बोर्ड के दफ्तरों में तिरंगा फहराया जाएगा। सलीम ने 15 अगस्त और 26 जनवरी पर ध्वजारोहण के अलावा मिठाई बांटने का भी समर्थन किया। यही नहीं उन्होंने कहा कि इसके लिए गरीब संस्थाओं को वक्फ बोर्ड से आर्थिक मदद मुहैया करवाई जाएगी। इसके लिए 5 से 7 हजार रुपये तक दिए जाएंगे जिनका इस्तेमाल मिठाई बांटने के अलाव साज सजावट में भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहले से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना सशक्त होगी।
वक्फ के सभी संस्थानों के प्रवेश द्वारों पर राष्ट्रीय ध्वज
77वें गणतंत्र दिवस से पहले जारी किए गए वक्फ के आदेश में यह अनिवार्य किया गया है कि वक्फ के अंतर्गत आने वाले सभी संस्थानों के प्रवेश द्वारों पर राष्ट्रीय ध्वज को प्रमुखता से लगाया जाए ताकि यह समारोह के दौरान साफ दिखाई दे। सलीम राज ने कहा कि गणतंत्र दिवस देशभक्ति, सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। गणतंत्र दिवस हर नागरिक का है। राष्ट्रीय ध्वज फहराना संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारे सम्मान को दर्शाता है।
टीएस सिंह देव जताई आपत्ति
वहीं छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के चेयरमैन के इस बयान पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि सलीम के बयान आपत्तिजनक हैं और साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि मदरसों में ध्वजारोहण पहले से होता रहा है।
विकृत सोच का नतीजा
टीएस देव ने कहा कि 'मदरसों में 15 अगस्त और 26 जनवरी को ध्वजारोहण पहले से होता रहा है लेकिन कांग्रेस पर लगाए उनके आरोप आपत्तिजनक है क्योंकि आतंकवादी किसी एक पार्टी या सरकार से नहीं जुड़ा होता है। ये कुछ लोगों की विकृत सोच का नतीजा है जिसे राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करना सही नहीं।'

लेखक के बारे में
Mohitलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




