
छत्तीसगढ़ में बारिश के बीच मनेगी दीपावली, मंगलवार तक इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
देश के ज्यादातर हिस्सों से मॉनसून गुजर चुका है, लेकिन दक्षिणी अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है और यह औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
छत्तीसगढ़ से मॉनसून के गुजरने के बाद यूं तो प्रदेश का मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, कहीं भी बारिश नहीं हो रही है। लेकिन मौसम विभाग ने रविवार 19 अक्तूबर से एकबार फिर प्रदेश का मौसम बदलने की संभावना जताई है और इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में एकबार फिर बारिश का नया दौर शुरू होने का अनुमान लगाया है। जिसके चलते दीपावली का त्योहार बारिश के बीच मनाए जाने की पूरी उम्मीद है। इस दौरान शनिवार 18 अक्टूबर को तो पूरे प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 19 अक्टूबर से दक्षिणी छत्तीसगढ़ और 20 अक्टूबर से मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। साथ ही अगले 3 दिनों में छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 2से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के तीन जिलों में, जबकि सोमवार को 15 जिलों और मंगलवार को 22 जिलों में जोरदार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

अगले तीन दिन के लिए इन जिलों में येलो अलर्ट
रविवार 19 अक्तूबर के लिए मौसम विभाग ने बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, इस दौरान यहां गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और जोरदार बारिश होने की संभावना है।
सोमवार 20 अक्तूबर को जशपुर, रायगढ़, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार 21 अक्तूबर को मौसम विभाग ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बलौदाबाजार, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश होने की संभावना जताई है।
राजधानी रायपुर के मौसम का पूर्वानुमान
बीते दिन के मौसम की बात करें तो प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस अम्बिकापुर में दर्ज किया गया। शनिवार 18 अक्तूबर को राजधानी रायपुर का आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान क्रमशः 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान क्रमशः 22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम की सिनोप्टिक स्थितियां
छत्तीसगढ़ में शुष्क मौसम बना हुआ है। दक्षिणी अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है और यह औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव में 24 अक्टूबर, 2025 के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और और तीव्र होने की संभावना है।

लेखक के बारे में
Sourabh Jainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


