छत्तीसगढ़ के बिजली प्लांट में हुए धमाके की होगी जांच, PM और CM ने किया मुआवजे का ऐलान

Krishna Bihari Singh एएनआई, सक्ती
share

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता बिजली प्लांट का बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हुआ, जिसमें 13 मजदूरों की मौत हो गई और 21 घायल हैं। मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

छत्तीसगढ़ के बिजली प्लांट में हुए धमाके की होगी जांच, PM और CM ने किया मुआवजे का ऐलान

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार को एक बिजली प्लांट में बॉयलर फटने से 13 मजदूरों की मौत हो गई जबकि 21 घायल हो गए। हादसा डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव में स्थित वेदांता कंपनी के प्लांट में हुआ जहां बॉयलर की ट्यूब फट गई। घटना के समय वहां कई मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 9 ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं पीएम मोदी ने ब्लास्ट में मारे गए लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं सीएम ने भी घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

13 लोगों की मौत

यूनीवार्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, सक्ती जिले में डभरा थाना क्षेत्र के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को बॉयलर में ब्लास्ट हो गया। इसमें 13 लोगों की जान चली गई और 21 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि सिंघीतराई गांव में स्थित इस प्लांट में हुए जोरदार विस्फोट के कारण यह हादसा हुआ। घायल मजदूरों का इलाज रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में चल रहा है। कई की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

भीषण धमाके के बाद अफरा-तफरी

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि धमाके के बाद पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। घायलों को पहले पास के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ भेज दिया गया। घटना की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभालने की कोशिश की।

घटना की जांच के आदेश

सीएम ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। सीएम ने बिलासपुर संभाग के कमिश्नर को इस घटना की जांच करने का आदेश दिया है। वहीं जिला प्रशासन ने भी इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।

दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई- CM

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया गया उसे बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ऐसा लगा जैसे मिसाइल गिरी हो

प्रत्यक्षदर्शियों और संयंत्र में काम करने वाले श्रमिकों ने वहां हुई तबाही और दहशत का मंजर बयां किया। पश्चिम बंगाल के निवासी और संयंत्र में एक महीने से अधिक समय से पेंटर के तौर पर काम कर रहे एक कर्मचारी अजित दास कर ने बताया कि हमने अपराह्न करीब 2:30 बजे भोजन खत्म किया ही था कि अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। ऐसा लगा जैसे कोई मिसाइल गिरी हो और चारों तरफ घना धुआं फैल गया। धमाका बॉयलर नंबर एक में हुआ जहां हम काम कर रहे थे। मैं एक अलमारी के अंदर छिपकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा लेकिन जो नीचे थे झुलस गए।

सीएम ने 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद का किया ऐलान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

पीएम ने किया आर्थिक मदद का ऐलान

प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया। पीएम ने मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का एलान किया। प्रधानमंत्री ने घायलों को भी 50 हजार रुपये की मदद देने की घोषणा की है। PMO ने पोस्ट में लिखा- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक पावर प्लांट में हुई दुर्घटना दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। PMNRF से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

(पीटीआई-भाषा, एएनआई के इनपुट पर आधारित)

Krishna Bihari Singh

लेखक के बारे में

Krishna Bihari Singh

कृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )


संक्षिप्त विवरण

कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।

रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।

पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।