
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों की हिमाकत; प्रेशर बम में धमाका, चपेट में आया मासूम
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में फिर नक्सलियों की कायराना करतूत सामने आई है। बताया जाता है कि नक्सलियों के लगाए एक प्रेशर बम की चपेट में आने से एक 15 साल का लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना लेंड्रा-कोरचोली गांव के जंगल में हुई।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों के लगाए प्रेशर बम की चपेट में आने से एक 15 साल का लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना लेंड्रा-कोरचोली गांव के जंगल में हुई। लड़का जंगल गया था। इस दौरान उसका पैर बम पर पड़ गया और धमाका हो गया। विस्फोट में उसके पैर में गंभीर चोट आई है। घायल लड़के को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने लोगों को जंगलों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी तुरंत देने को कहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गंगालूर इलाके के लेंड्रा-कोरचोली जंगल में एक प्रेशर बम फटने से राम पोटाम नाम का लड़का बुरी तरह घायल हो गया है। राम पोटाम कोरचोली गांव का रहने वाला है और वह सुबह जंगल की तरफ गया था। वहां उसका पैर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए बम पर पड़ गया जिससे जोरदार धमाका हुआ और वह उसकी चपेट में आ गया।
अधिकारियों ने बताया कि बम धमाके की वजह से राम के पैर में बहुत गंभीर चोट लगी है। हादसे के तुरंत बाद घायल राम पोटाम को सीआरपीएफ की 222वीं बटालियन के कैंप ले जाया गया। वहां उसे शुरुआती इलाज दिया गया। इसके बाद उसे अच्छे इलाज के लिए बीजापुर के जिला अस्पताल भेज दिया गया है। सुरक्षाबल के जवान इलाके में लगातार गश्त कर रहे हैं और बिछाई गई बारूदी सुरंगों को नष्ट कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल में सावधान रहें। अगर कोई भी संदिग्ध चीज या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पास के थाने या सुरक्षा कैंप में सूचना दें। नक्सली अक्सर सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए कच्चे रास्तों पर बारूदी सुरंगें बिछा देते हैं। बस्तर इलाके में पहले भी कई आम लोग इन बमों की चपेट में आ चुके हैं। पिछले साल बीजापुर समेत बस्तर के सात जिलों में हुई नक्सली हिंसा और बम धमाकों में 46 लोगों की जान जा चुकी है।

लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




