
छत्तीसगढ़ में होगा SOG का गठन, 10 जिलों में बनेगी ANTF; कैबिनेट बैठक में हुए ये बड़े फैसले
बैठक में गृह निर्माण मंडल व रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित और पूरी हो चुकी 35 कॉलोनियों को नगर निगम और नगर पालिकाओं को सौंपने का निर्णय लिया गया। जिससे लोगों को पानी, बिजली, सड़क, सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को नया रायपुर के महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई बेहद महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बैठक के दौरान राज्य सरकार ने पुलिस के SOG (स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) और दस जिलों में जिला-स्तरीय एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के गठन को मंजूरी दे दी। इसके अलावा इस बैठक में गृह निर्माण मंडल एवं रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित एवं पूर्ण हो चुकी कॉलोनियों को नगर निगम व नगर पालिकाओं को सौंपने का निर्णय लिया गया। साथ ही मंत्रिपरिषद ने प्रदेश में छत्तीसगढ़ क्लाउड फर्स्ट नीति लागू करने को भी स्वीकृति प्रदान की।
SOG के लिए हुआ 44 नए पदों का निर्माण
इस बारे में जानकारी देते हुए एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि कैबिनेट ने पुलिस मुख्यालय की स्पेशल ब्रांच के तहत SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के लिए 44 नए पदों के निर्माण को मंजूरी दी, जिसके लिए 2025-26 के बजट में प्रावधान किया गया था। उन्होंने कहा कि SOG एक विशेष रूप से प्रशिक्षित यूनिट होगी जिसका काम बड़ी या अचानक होने वाली घटनाओं पर तेज़ी से प्रतिक्रिया देना और आतंकवादी हमलों या गंभीर खतरों को बेअसर करना होगा।
10 जिलों में बनेगी ANTF, 100 पदों को मंजूरी
इसके अलावा युवाओं को मादक पदार्थों की लत से बचाने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए मंत्रिपरिषद ने प्रदेश के 10 जिलों में जिला स्तरीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के गठन और इसके क्रियान्वयन के लिए 100 नए पदों को भी मंजूरी दी। इस दौरान रायपुर, महासमुंद, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, सरगुजा, कबीरधाम, जशपुर, राजनांदगांव और कोरबा जिले में टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा।
विभिन्न हवाई अड्डों और हवाई पट्टियों पर बनेंगे FTO
इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने राज्य के विभिन्न हवाई अड्डों और हवाई पट्टियों में उड़ान प्रशिक्षण संगठन (फ्लाइट ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन) की स्थापना का निर्णय लिया और इसके ऑपरेशनल दिशा-निर्देशों को मंजूरी दी। ये संस्थान निजी सहभागिता से स्थापित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को पायलट प्रशिक्षण सुविधाएं, रोजगार के अवसर, एयरक्राफ्ट रिसाइकिलिंग, हेलीकॉप्टर बंकिंग और एयरो स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
इनोवेशन और स्टार्टअप प्रमोशन पॉलिसी को दी मंजूरी
एक अन्य फैसले में, कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ इनोवेशन एंड स्टार्टअप प्रमोशन पॉलिसी (नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति) 2025-26 को मंजूरी दी। अधिकारी ने कहा कि इस नीति का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को एक प्रमुख इनोवेशन हब के रूप में विकसित करना और केंद्र की स्टार्टअप रैंकिंग में इसकी स्थिति में सुधार करना है, जिससे अधिक निवेश आकर्षित हो सके।
नगर निगम व नगर पालिकाओं को सौंपी जाएगी कॉलोनियां
बैठक में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल एवं रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित एवं पूर्ण हो चुकी 35 आवासीय कॉलोनियों को नगर निगम और नगर पालिकाओं को सौंपने का निर्णय लिया गया। जिससे कॉलोनीवासियों को पानी, बिजली, सड़क, सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी और दोहरे रखरखाव शुल्क से राहत मिलेगी।
कैबिनेट ने नवा रायपुर अटल नगर में शासकीय विभागों एवं निगम-मंडलों के कार्यालयों के लिए नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण द्वारा एक वृहद बहुमंजिला भवन के निर्माण का निर्णय लिया गया, जिससे भूमि का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।
सिरपुर एवं अरपा क्षेत्र में सुनियोजित विकास को गति देने के लिए संबंधित क्षेत्रों में शासकीय भूमि के आवंटन का अधिकार संबंधित जिले के कलेक्टर को प्रदान किया गया। वर्तमान वित्तीय स्थिति को देखते हुए भूमि आवंटन 1 रुपए प्रीमियम एवं भू-भाटक पर किए जाने का निर्णय लिया गया है।
मंत्रिपरिषद ने प्रदेश में 'छत्तीसगढ़ क्लाउड फर्स्ट नीति' लागू करने की स्वीकृति प्रदान की। इसके अंतर्गत सभी शासकीय विभागों को भारत सरकार द्वारा अनुमोदित क्लाउड सेवा प्रदाताओं से ही सेवाएं लेने होंगी। नीति से आईटी लागत में कमी, साइबर सुरक्षा में सुधार और 24x7 नागरिक सेवाएं सुनिश्चित होंगी।
राज्य में डिजिटल अवसंरचना के विस्तार हेतु मोबाइल टावर योजना का अनुमोदन किया गया। इसके तहत मोबाइल नेटवर्क विहीन बसाहटों एवं वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ई-गवर्नेंस, सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




