
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, बीजापुर में जारी मुठभेड़; 6 नक्सली ढेर
संक्षेप: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में अब तक 6 नक्सलियों को ढेर किया जा चुका है।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में छह माओवादी मारे गए हैं। मुठभेड़ स्थल से ऑटोमैटिक हथियार, विस्फोटक सामग्री और माओवादी साहित्य बरामद हुआ है। यह कार्रवाई बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में की गई, जहां सुबह से ही सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी थी।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में छह माओवादी मारे गए, जिनके पास से इंसास राइफल, स्टेनगन, 303 राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी रखा है और आसपास के जंगलों की घेराबंदी की जा रही है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने इस मुठभेड़ को सुरक्षा बलों के लिए एक "निर्णायक और महत्वपूर्ण सफलता" बताया। उन्होंने कहा, यह अभियान इस बात का प्रमाण है कि माओवादी संगठन अब नेतृत्वविहीन, दिशाहीन और मनोबलहीन स्थिति में सिमट चुका है। मारे गए कैडर संगठन के सक्रिय और कुख्यात सदस्य थे।
आईजी ने बताया कि डीआरजी, एसटीएफ, बस्तर फाइटर्स, सीआरपीएफ और सीएएफ की अतिरिक्त टीमों को आसपास के क्षेत्रों में भेजा गया है ताकि फरार माओवादियों की तलाश की जा सके। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन अभी जारी है, इसलिए स्थल और सुरक्षाबलों की संख्या जैसी संवेदनशील जानकारी फिलहाल साझा नहीं की जा सकती।

लेखक के बारे में
Aditi Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




