छत्तीसगढ़: बदमाशों ने गार्ड को गोली मारकर कैश कलेक्शन टीम से लूटे 78 लाख; आरोपी हुए फरार
- छत्तीसगढ़ से नकाबपोश बदमाशों द्वारा एक गार्ड को गोली मारकर लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया है। बदमाश घटना को अंजाम देकर 78 लाख रुपए लेकर फरार हो गए हैं।

छत्तीसगढ़ से नकाबपोश बदमाशों द्वारा एक गार्ड को गोली मारकर लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया है। बदमाश घटना को अंजाम देकर 78 लाख रुपए लेकर फरार हो गए हैं। घायल गार्ड को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मामला जांजगीर के चांपा जिले के खोखरा गांव स्थित शराब की दुकान का है। गार्ड शराब की दुकान में रुपए कलेक्शन के लिए पहुंचा था।
लूट की यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम खोखरा में स्थित देशी शराब भट्टी के पास शाम के समय हुई। कलेक्शन टीम ने क्षेत्र की अलग-अलग शराब दुकानों से लगभग 78 लाख रुपये इकट्ठा किया था। जब टीम खोखरा शराब दुकान से कैश लेने पहुंची, तभी बाइक सवार दो बदमाश वहां आ धमके। गार्ड को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने कट्टानुमा हथियार से फायरिंग की, जिससे गार्ड के पैर में गोली लग गई। गार्ड मौके पर ही गिर पड़ा और बदमाश वैन में रखे कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए। खून से लथपथ गार्ड को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही जिले में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत जिलेभर में नाकेबंदी करवाई और कई स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगवाए। पुलिस की टीमें आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही हैं, ताकि लुटेरों की पहचान की जा सके। प्राथमिक जांच में पता चला है कि बदमाशों ने कट्टानुमा हथियार का इस्तेमाल किया है। शाम के समय हुई इस लूट की वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं। घटना को लेकर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
जांजगीर चांपा के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस वारदात के बाद शराब दुकानों से कैश कलेक्शन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल आरोपियों का अभी कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला है।
रिपोर्ट- संदीप दीवान
लेखक के बारे में
Ratan Guptaरतन गुप्ता एक डिजिटल हिंदी जर्नलिस्ट/ कॉन्टेंट प्रोड्यूसर हैं। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान की स्टेट न्यूज टीम के साथ काम कर रहे हैं। वह क्राइम, राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर न्यूज आर्टिकल और एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखते हैं।
रतन गुप्ता वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर स्टेट न्यूज टीम में काम करते हैं। इस टीम में हिंदी पट्टी के 8 राज्यों दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात से जुड़ी खबरों की कवरेज करते हैं। उनका लेखन खास तौर से क्राइम, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित रहता है।
लाइव हिंदुस्तान में बीते 2 साल से काम करते हुए रतन ने ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक घटनाक्रम और कानून-व्यवस्था से जुड़ी खबरों पर लगातार लेखन किया है। इसके साथ ही वह एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं, जहां जटिल मुद्दों को सरल और तथ्यपरक भाषा में पाठकों के सामने रखते हैं।
रतन गुप्ता ने बायोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है, जिसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है। साइंस बैकग्राउंड होने के कारण उनकी न्यूज और एनालिसिस स्टोरी में साइंटिफिक टेंपरामेंट, लॉजिकल अप्रोच और फैक्ट-बेस्ड सोच साफ दिखाई देती है। वह किसी भी मुद्दे पर रिपोर्टिंग करते समय दोनों पक्षों की बात, मौजूद तथ्यों और आधिकारिक स्रोतों को प्राथमिकता देते हैं, ताकि यूजर तक संतुलित और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे।
इसके साथ ही आईआईएमसी की एकेडमिक पढ़ाई ने उन्हें रिपोर्टिंग, न्यूज प्रोडक्शन, मीडिया एथिक्स और पब्लिक अफेयर्स की गहरी समझ दी है। इसका सीधा असर उनके लेखन की विश्वसनीयता और संतुलन में दिखाई देता है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


