भगवान शिव पर आपत्तिजनक पोस्ट के बाद क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष पर ऐक्शन, छत्तीसगढ़ में FIR के बाद हुई गिरफ्तारी

हिन्दुस्तान टाइम्स, रायपुर, छत्तीसगढ़
Follow us on Google News
share

इस मामले में भाजपा प्रवक्ता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी अरुण पन्नालाल और सह आरोपी हंसराज गोयल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने पन्नालाल को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन गोयल फिलहाल फरार है।

सोशल मीडिया पर भगवान शिव के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में छत्तीसगढ़ राज्य क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार देर रात राजधानी रायपुर में हुई इस गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी शख्स की पहचान अरुण पन्नालाल के तौर पर हुई है। अरुण पर आरोप है कि उसने हंसराज गोयल नाम के एक शख्स की विवादित फेसबुक पोस्ट पर भगवान शिव को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। गोयल ने पहले भगवान शिव को आपत्तिजनक बातें लिखीं, जिस पर कमेंट करते हुए अरुण पन्नालाल ने सवाल पूछा। जिसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया।

पुलिस ने बताया कि अरुण पन्नालाल की इस टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अमित चिमनानी समेत अन्य नेताओं ने इस बारे में सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शख्स को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश करने के बाद रायपुर केंद्रीय जेल में भेज दिया गया। उधर इस बारे में खबर फैलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी पन्नालाल के घर के बाहर प्रदर्शन किया और ईसाई मिशनरियों के खिलाफ नारेबाजी की। उधर गिरफ्तारी के बाद शनिवार को अरुण पन्नालाल की जमानत याचिका लगाई गई जो अदालत में खारिज हो गई।

‘कानून व्यवस्था बिगड़ने की थी आशंका’

पुलिस को मिली शिकायत की जानकारी देते हुए शहर DCP तारकेश्वर पटेल ने बताया कि चिमनानी ने अपनी शिकायत के साथ उक्त पोस्ट और आरोपी द्वारा की गई कथित टिप्पणियों के URL और स्क्रीनशॉट भी सौंपे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन टिप्पणियों से हिंदू धर्म और सनातन धर्म को मानने वालों की भावनाएं आहत हुईं हैं और इनका मकसद अलग-अलग समुदायों के बीच नफरत और दुश्मनी फैलाना था, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती थी।

पुलिस ने कई धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया

भाजपा नेताओं की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी अरुण पन्नालाल और सह आरोपी हंसराज गोयल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण काम करना) और 352(2) (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पन्नालाल गिरफ्तार, लेकिन हंसराज गोयल फरार

पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल हंसराज गोयल फरार है और उसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। उधर इस बारे में खबर फैलने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और शुक्रवार रात रायपुर में पन्नालाल के घर के बाहर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है।

उधर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बजरंग दल और RSS से जुड़े लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। शुक्ला ने सरकार से इस मामले में गंभीरता से आत्मावलोकन करने की बात कही।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsछत्तीसगढ़ न्यूज़शिवजी पर आपत्तिजनक पोस्ट के बाद क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष पर FIR, हुई गिरफ्तारी