पति को सांवला-मोटा कहने से नहीं टूट सकती शादी, छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने तलाक देने से किया इनकार
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने पति की तलाक की अर्जी को खारिज करते हुए कहा कि सिर्फ पत्नी का पति को सांवला और मोटा कहना तलाक की मंजूरी के लिए आधार नहीं बनाया जा सकता।

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि पत्नी का पति को सांवला और मोटा बोलना तलाक का आधार नहीं बनाया जा सकता। जस्टिस पार्थ प्रतीक साहू और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की डिवीजन बेंच ने यह टिप्पणी की। बेंच ने इसके साथ ही फैमिली कोर्ट के फैसले में दखल देने से भी इनकार कर दिया।
फैमिली कोर्ट ने पति की अर्जी खारिज कर दी थी और पत्नी की अर्जी मंजूर कर ली थी। पत्नी ने अर्जी में माता-पिता से मिले तोहफे और संपत्ति वापसी की मांग की थी। हाई कोर्ट ने इस मामले में 25 जून को फैसला सुरक्षित रखा लिया था और 18 सितंबर को फैसला सुनाया था।
फैमिली कोर्ट के फैसले को दी थी चुनौती
मामले में जांजगीर-चंपा जिले के निवासी 28 वर्षीय अक्ष घोष ने जांजगीर की फैमिली कोर्ट के एडिशनल प्रिंसिपल जज की ओर से 28 अगस्त को सुनाए गए फैसले और आदेश को चुनौती दी थी।
दरअसल फैमिली कोर्ट ने पति की अर्जी खारिज कर दी थी जबकि पत्नी की अर्जी मंजूर कर ली थी और आदेश दिया था कि वह माता-पिता से मिले गिफ्ट्स को एक महीने के भीतर वापस करें।
हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक, घोष और रायगढ़ जिले की निवासी पूजा सीत (25) ने 7 मार्च 2019 को रायगढ़ जिले के एक गांव में शादी की थी। महिला शादी के बाद 2 से 3 महीने तक पति संग ससुराल में रही।
पति ने क्या आरोप लगाए?
पति ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसकी पत्नी ने उसके साथ बुरा बर्ताव किया और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। इस दौरान वे अक्सर मायके जाती थी। पति ने आरोप लगाया कि वह मना करने के बाद बावजूद राजस्थान में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गई और लगभग 25 दिनों के बाद लौटी।
पति ने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद पत्नी गर्भवती हुई और उनके जुड़वा बच्चों का गर्भपात हो गया। पति के मुताबिक, इसके बाद महिला की मां उसे वापस रायगढ़ अपने घर ले गई जबकि वह लगातार वापस लाने की गुहार लगाता रहा मगर हर बार पत्नी ने मना किया। वहीं महिला ने इन आरोपों को खारिज किया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति का किसी और महिला के साथ अफेयर है और जैसे ही इसका पता चला तो उसने शराब पीना शुरू कर दिया।
पत्नी ने भी लगाए आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि वह अक्सर उसे गाली देता था और बिल्कुल भी ख्याल नहीं रखता था जिससे प्रेग्नेंसी के दौरान सही इलाज भी नहीं मिल सका। महिल के मुताबिक, इस दौरान जब वह बीमार पड़ी तो मां रायगढ़ के एक अस्पताल में इलाज के लिए ले गई। महिला ने दावा किया जब इलाज के बाद ठीक हुई तो बार-बार पति और ससुरालवालों से वापस ले जाने के लिए गुहार लगाई मगर वे वापस नहीं ले गए।
2020 में पहुंची पुलिस के पास महिला की मां
इसके बाद महिला की मां ने 24 फरवरी 2020 को रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक के पास शिकायत दर्ज करवाई। वहीं महिला ने रायगढ़ के ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास के पास पति और उनके परिवार सदस्यों के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज करवाई।
महिला ने दावा किया कि महिला के साथ कथित अफेयर का पता लगने के बाद से ही उसका पति शादी को आगे नहीं बढ़ाना चाहा रहा था। महिला ने इसके साथ ही पति की तलाक की अर्जी को खारिज करने की मांग भी की।
सबूतों की जांच के बाद हाई कोर्ट ने माना कि पति अपनी पत्नी पर लगाए आरोपों को साबित करने में नाकाम रहा है।
कोर्ट ने कहा- पति कोई भी आरोप साबित नहीं कर सका
हाई कोर्ट ने कहा ‘तलाक की अपील करने वाले पति ने पत्नी पर कई आरोप लगाए लेकिन वह किसी भी आरोप को ठोस सबूत के साथ साबित नहीं कर सका।’
कोर्ट ने कहा कि पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसे सांवला और मोटा कहकर बुलाती थी मगर तलाक की मंजूरी देने के लिए इसे आधार नहीं बनाया जा सकता। पति यह भी साबित करने में नाकाम रहा कि उसकी पत्नी किसी वाजिब कारण के अपने मायके में रह रही थी।
फैमिली कोर्ट के फैसले में दखलअंदाजी से इनकार
कोर्ट ने फैसले सुनाते हुए यह भी माना कि फैमिली कोर्ट ने पति की तलाक की अर्जी खारिज करते समय सबूतों पर सही से विचार किया था, ऐसे में फैमिली कोर्ट के फैसले और आदेश में दखल की गुंजाइश नहीं।

