छत्तीसगढ़ में अग्निवीरों को तीन विभागों में मिलेगा इतना आरक्षण, साय सरकार ने फिल्म 'हनुमान अंश' को लेकर भी दी गुड न्यूज
प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में लागू अतिथि व्याख्याता नीति-2024 की संशोधित नीति में पूर्व की व्यवस्था को और अधिक स्पष्ट करते हुए यह प्रावधान किया गया है कि मेधा सूची में एक ही श्रेणी के दो अभ्यर्थियों के अंक समान होने की स्थिति में छत्तीसगढ़ के मूल निवासी को वरीयता दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक हुई, जिसमें पूर्व 'अग्निवीरों' को तीन विभागों में आरक्षण देने का फैसला लिया गया। इस दौरान उन्हें पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वनरक्षक के पद पर तथा जेल विभाग में जेल प्रहरी के पदों पर आरक्षण का लाभ देने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही साय सरकार ने फिल्म 'हनुमान अंश' को राज्य में टैक्स फ्री कर दिया है।
इस बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्होंने बताया कि पूर्व अग्निवीर सैनिकों को राज्य की सिविल सेवाओं के तृतीय श्रेणी पदों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान पहले ही किया जा चुका है। इसके तहत पुलिस विभाग में आरक्षक, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वनरक्षक तथा जेल विभाग में जेल प्रहरी के पदों पर पूर्व अग्निवीरों को आरक्षण का लाभ मिलेगा।
अग्निवीरों के लिए बनाया गया नया कानून
अधिकारियों ने बताया कि अब इस आरक्षण को लागू करने के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा पूर्व अग्निवीर सैनिक भर्ती नियम, 2026 बनाया गया है, जिसका मंत्रिपरिषद द्वारा अनुमोदन किया गया है। इन नियमों में नियुक्ति एवं सेवा शर्तें, भर्ती के मापदंड, आरक्षण और चयन प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
अतिथि व्याख्याता नीति-2024 में भी हुआ बदलाव
इसके साथ ही अधिकारियों ने बताया कि मंत्रिपरिषद द्वारा प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में लागू अतिथि व्याख्याता नीति-2024 में प्रशासकीय अनुमोदन के बाद जारी संशोधित नीति-2026 का पालन किया गया। संशोधित नीति में पूर्व की व्यवस्था को और अधिक स्पष्ट करते हुए यह प्रावधान किया गया है कि मेरिट सूची में एक ही श्रेणी के दो अभ्यर्थियों के अंक समान होने की स्थिति में छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी को वरीयता दी जाएगी।
5 महीने का अध्यापन कार्य करने पर मिलेंगे अतिरिक्त अंक
साथ ही, अनुभव के लिए निर्धारित अधिकतम 30 अंकों के अंतर्गत अब शासकीय महाविद्यालय के साथ राजकीय विश्वविद्यालय में एक शैक्षणिक सत्र में न्यूनतम 5 महीने का अध्यापन कार्य पूर्ण करने पर पांच अंक दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इससे पहले की नीति में राजकीय विश्वविद्यालय में किए गए अध्यापन अनुभव का यह लाभ स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं था।
फिल्म 'हनुमान अंश' को किया गया टैक्स फ्री
बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा 10 सितंबर, 2026 को फिल्म 'हनुमान अंश' को कर मुक्त किए जाने की घोषणा के परिपालन में फिल्म के प्रदर्शन पर प्रवेश हेतु देय राज्य वस्तु एवं सेवा कर (SGST) के समतुल्य धनराशि की प्रतिपूर्ति सिनेमाघरों को किए जाने हेतु वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा जारी आदेश का अनुसमर्थन किया गया।
उधर फिल्म 'हनुमान अंश' को टैक्स फ्री करने के बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, 'पूज्य बाबा नीम करौरी जी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ उनकी साधना, हनुमान भक्ति और मानव सेवा के भावों की सुंदर अभिव्यक्ति है। उनके जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से फिल्म ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने के निर्णय का आज मंत्रिपरिषद ने अनुमोदन किया। हमारी संत परंपरा के ये जीवन मूल्य बच्चों और युवाओं को प्रेम, सेवा और भक्ति की राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दें, यही इस प्रयास की सार्थकता है।'


