छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 24 IPS अफसरों के ट्रांसफर; जानें किसे कहां भेजा गया?

रायपुर, वार्ता
Follow us on Google News
share

IPS officers Transfer : छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को एक साथ 24 आईपीएस अफसरों का ट्रांसफर ऑर्डर जारी किया गया है। इन बदले गए अफसरों में सिर्फ एसपी और डीसीपी ही नहीं, बल्कि आईजी और डीआईजी लेवल तक के अधिकारी शामिल हैं। 

छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 24 IPS अफसरों के ट्रांसफर; जानें किसे कहां भेजा गया?

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य पुलिस प्रशासन में व्यापक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 24 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इतनी बड़ी तादाद में आईपीएस अधिकारियों का यह ट्रांसफर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं सरकार के इस निर्णय को लंबे समय बाद पुलिस प्रशासन में किए गए बड़े फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है।

आईजी-डीआईजी से डीसीपी और एसपी तक कई बदले

गृह (पुलिस) विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश के तहत एक पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रेंज, कई पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) तथा 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) की नई जगह पोस्टिंग की गई है।

आदेश के अनुसार नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक अजय कुमार यादव को राजनांदगांव रेंज का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, राजनांदगांव रेंज के आईजी बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में भेजा गया है। बस्तर रेंज के आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल को भी पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रॉबिन्सन गुरिया रायपुर सिटी में डीसीपी (पश्चिम) बनाए गए

ट्रांसफर ऑर्डर में चार डीआईजी स्तर के अधिकारियों के ट्रांसफर के साथ रायपुर नगरीय पुलिस के तीन पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) को बस्तर क्षेत्र में नई जिम्मेदारी दी गई है। रॉबिन्सन गुरिया को गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक पद से ट्रांसफर कर रायपुर सिटी में पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) बनाया गया है।

भावना पांडेय को धमतरी भेजा

इसके साथ ही राज्य सरकार ने 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों का भी ट्रांसफर कर इधर से उधर भेज दिया है। आदेश के अनुसार चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, हरीश राठौर को कोरिया, भावना पांडेय को धमतरी, राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर, मयंक गुर्जर को सुकमा, संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, चव्हाण किरण गंगाराम को बालोद, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम तथा सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

पदोन्नत पुलिस अफसरों को मिली नई तैनाती

इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ सरकार के गृह (पुलिस) विभाग ने विभागीय प्रमोशन मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों की नई पोस्टिंग के आदेश आज जारी किए हैं। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से 9 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू होगी। गृह विभाग के अनुसार विभागीय प्रमोशन समिति की अनुशंसा पर निरीक्षक (स्पेशल ब्रांच) से डीएसपी (स्पेशल ब्रांच) तथा सहायक सेनानी के पद पर पदोन्नत अधिकारियों को विभिन्न इकाइयों एवं शाखाओं में भेजा गया है। आदेश के मुताबिक सविता सिंह परिहार को स्पेशल ब्रांच, पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर से विशेष शाखा, भिलाई तथा अरनोल्ड संतरी बढ़ा को जशपुर से स्पेशल ब्रांच, बिलासपुर लगाया गया है।

इसी क्रम में बृजेश कुमार भदौरिया को पीटीएस राजनांदगांव, अविनाश कुमार अग्रिहोत्री को एसटीएफ बघेरा, दुर्ग, हरीश कुमार तिवारी को एचसीएम सुरक्षा, अमित शर्मा को स्पेशल ब्रांच, पुलिस मुख्यालय रायपुर, मनीष कुमार साहू को 21वीं वाहिनी, करकाभाट (बालोद), शैलेन्द्र कुमार सेन को 17वीं वाहिनी, कबीरधाम, देवनारायण सिंह को 18वीं वाहिनी, मनेन्द्रगढ़, इन्द्रसेन बंजारे को 7वीं वाहिनी, भिलाई, मिलमन मिंज को 11वीं वाहिनी, जांजगीर, ओमप्रकाश सेन को एसटीएफ बघेरा, दुर्ग, राकेश कुमार सलाम को 14वीं वाहिनी, धनोरा (बालोद), रामबहादुर शर्मा को 13वीं वाहिनी, बांगो (कोरबा) तथा शब्बीर अली को 15वीं वाहिनी, बीजापुर में नई तैनाती दी गई है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।