World Teachers Day 2026 Theme : क्यों मनाया जाता है कि विश्व शिक्षक दिवस, क्या है थीम, शेयर करें ये Wishes

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

World Teachers Day 2026 Theme , Wishes: आज दुनिया भर में विश्व शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है। भारत में जहां हर साल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है, वैश्विक स्तर पर हर वर्ष 5 अक्टूबर को वर्ल्ड टीचर्स डे मनाया जाता है।

world teachers day 2026 theme
विश्व शिक्षक दिवस

World Teachers Day 2026 Theme , Wishes : आज दुनिया भर में विश्व शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है। भारत में जहां हर साल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है, वैश्विक स्तर पर हर वर्ष 5 अक्टूबर को विश्व शिक्षक दिवस मनाया जाता है। इसका मकसद विश्व भर के शिक्षकों के योगदान, उनके समर्पण भाव, कर्तव्यनिष्ठा को सलाम करना, उन्हें प्रोत्साहित करना एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरुकता बढ़ाना है। इसके अलावा इसका उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय एकजुटता को बढ़ावा देना और वैश्विक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर जोर देना भी है। विश्व शिक्षक दिवस (अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस) का आयोजन यूनिसेफ, अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन और एजुकेशन इंटरनेशनल (ईआई) मिलकर करते हैं। इसे मनाए जाने की शुरुआत 1994 से हुई थी।

क्या है इतिहास

5 अक्टूबर, 1966 को पेरिस में एक सम्मेलन का आयोजन हुआ था जिसमें 'टीचिंग इन फ्रीडम' संधि पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस संधि में शिक्षकों के अधिकार, जिम्मेदारी, भर्ती, रोजगार, सीखने- सिखाने के स्तर को ऊपर उठने के लिए कई सिफारिशें की गई थीं। संयुक्त राष्ट्र में विश्व शिक्षक दिवस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने के लिए साल 1994 में 100 देशों के समर्थन से यूनेस्को की सिफारिश को पारित कर दिया गया। इसके बाद 5 अक्टूबर 1994 से अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस मनाया जाने लगा। इस वर्ष (2026) विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों की स्थिति से संबंधित 1966 की आईएलओ-यूनेस्को (ILO-UNESCO) सिफारिश के 60 वर्ष पूरे हो रहे हैं। यह सिफारिश शिक्षकों के अधिकारों, उनकी कार्य परिस्थितियों और शिक्षण पेशे की प्रतिष्ठा से जुड़े महत्वपूर्ण मानकों को तय करती है।

क्या है थीम ( World Teachers Day 2026 Theme ):

विश्व शिक्षक दिवस 2026 की थीम

हर वर्ष यूनेस्को की ओर से विश्व शिक्षक दिवस की थीम तय की जाती है। इस बार की थीम है - “शिक्षकों के साथ खड़े होना: पेशे की सुरक्षा, उसकी प्रतिष्ठा बढ़ाने और हमारे भविष्य को आकार देने के 60 वर्ष।” इसका मकसद केवल शिक्षकों के योगदान को सम्मान देना ही नहीं है, बल्कि यह भी समीक्षा करना है कि क्या शिक्षा प्रणालियां शिक्षकों को उनके कार्यों को बेहतर ढंग से करने के लिए जरूरी पेशेवर और आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

वर्ष 2026 में वर्ष 1966 की सिफारिशों में भी संशोधन किया जा रहा है। यूनेस्को के अनुसार टीचिंग का पेशा आज डिजिटल टेक्नोलॉजी, जलवायु परिवर्तन, समावेशी शिक्षा, माइग्रेशन और विस्थापन जैसी नई चुनौतियों का सामना कर रहा है। इसके साथ ही शिक्षकों की कार्य संबंधी स्वायत्तता, नीतियां बनाने में उनकी भागीदारी, वेतन, कार्यभार और कामकाज के माहौल को लेकर भी चिंताएं सामने आई हैं। इस समीक्षा का उद्देश्य यह विचार करना है कि इन बदलती परिस्थितियों के मद्देनजर शिक्षकों से संबंधित अंतरराष्ट्रीय दिशानिर्देशों में किस तरह के बदलाव किए जाने चाहिए, ताकि शिक्षकों के अधिकारों, कार्य परिस्थितियों और पेशेवर हितों की बेहतर ढंग से रक्षा की जा सके।

2030 तक 4.4 करोड़ अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता

दुनिया भर में शिक्षकों की कमी के बीच यह मुद्दा और भी अहम हो गया है। यूनेस्को के अनुसार वर्ष 2030 तक प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर सभी बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए दुनिया को 4.4 करोड़ अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता होगी। यह आंकड़ा वैश्विक स्तर पर शिक्षकों की भर्ती की बड़ी चुनौती को दर्शाता है। साथ ही यह भी बताता है कि केवल नए शिक्षकों की नियुक्ति ही नहीं, बल्कि उन्हें पेशे में बनाए रखना और उनकी काम करने के हालातों में सुधार करना भी बेहद जरूरी है।

वैश्विक समारोह पेरिस स्थित यूनेस्को मुख्यालय में

विश्व शिक्षक दिवस 2026 का वैश्विक समारोह 5 अक्टूबर को पेरिस स्थित यूनेस्को मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षक, शिक्षा मंत्री और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अन्य लोग शामिल होंगे। इस दौरान शिक्षण पेशे की सुरक्षा और उसकी प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में नौवें यूनेस्को-हैमदान पुरस्कार (UNESCO-Hamdan Prize) के वितरण समारोह का भी आयोजन होगा। यह पुरस्कार शिक्षक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करता है।

विश्व शिक्षक दिवस पर टीचर्स को भेजें ये शुभकामना मैसेज ( Happy World Teachers Day )

अक्षर-अक्षर हमें सिखाते शब्द-शब्द का अर्थ बताते, कभी प्यार से कभी डांट से, जीवन जीना हमें सिखाते।

विश्व शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं

मैं भाग्यशाली था कि मुझे आप जैसा गुरु मिला।

विश्व शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

गुरु तेरे उपकार का,

कैसे चुकाऊं मैं मोल,

लाख कीमती धन भला,

गुरु हैं मेरे अनमोल

Happy World Teachers Day

गुरू गोविन्द दोऊ खड़े, काके लागूं पांय।

बलिहारी गुरू अपने गोविन्द दियो बताय

विश्व शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं

शिक्षक पारस मानिये, खुद को लोहा मान,

उसको छूते ही बनें, सारे कनक समान ।

शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं

किस तरह 'अमानत' न रहूँ ग़म से मैं दिल-गीर

आँखों में फिरा करती है उस्ताद की सूरत

-अमानत लखनवी

जो बनाए हमें अच्छा और सच्चा इंसान,

दे सही-गलत की पहचान,

उन शिक्षकों को कोटि-कोटि प्रणाम।

शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं

गुरु ही सींचे बुद्धि को, उत्तम करे विचार।

जिससे जीवन शिष्य का, बने स्वयं उपहार।

शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं

सफलता का जब, शीर्षक लिखूंगा

सबसे अहम तब, शिक्षक लिखूंगा

शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं

गुरुदेव के श्रीचरणों में

श्रद्धा सुमन संग वंदन

जिनके कृपा नीर से

जीवन हुआ चंदन

शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं

गुरुर्ब्रह्मा ग्रुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः ।

गुरुः साक्षात् परं ब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः ॥

शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं

मिट्टी से जिसने सोना बनाया,

जिन्दगी को सही तरीके से जीना सिखाया।

प्रमाण हे ऐसे गुरु को जिसने हमें,

लक्ष्य को पाने का मार्ग दिखाया।

शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay

पंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार

शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।


15 से अधिक सालों का अनुभव

पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।


विजन

तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।


विशेषज्ञता

तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsकरियर न्यूज़क्यों मनाया जाता है कि विश्व शिक्षक दिवस, क्या है थीम, शेयर करें ये विशेज