मां ने बेटे के कॉलेज में MA में लिया दाखिला, डिग्री नहीं था मकसद, वजह जान हर कोई बोल रहा... वाह
कुमाऊं डीएसबी कैंपस में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय भानू प्रताप सिंह चौहान ने एबीवीपी समर्थित शुभम कुमार को बड़े अंतर से मात दे दी। लेकिन इस जीत में भानू चौहान से ज्यादा उनकी मां की चर्चा हो रही है।

कुमाऊं डीएसबी कैंपस में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय भानू प्रताप सिंह चौहान ने एबीवीपी समर्थित शुभम कुमार को बड़े अंतर से मात दे दी। लेकिन इस जीत में भानू चौहान से ज्यादा उनकी मां की चर्चा हो रही है। बीना ने बेटे की जीत के लिए डीएसबी कैंपस में एमए राजनीति शास्त्र कोर्स में एडमिशन लिया है। मां ने सिर्फ घर के भीतर ही नहीं बल्कि बाहर भी अपने बेटे का हौसला बढ़ाया। हल्द्वानी नगर निगम की पार्षद बीना खुद कॉलेज में छात्रा बन गईं, बेटे के चुनाव प्रचार में शामिल हुईं और उसकी जीत में अहम भूमिका निभाई।
भानु को कुल 1,355 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के उम्मीदवार शुभम कुमार को 482 वोटों से हराया। शुभम को 873 वोट मिले।
छात्रों से संपर्क साधने से लेकर चुनाव प्रचार की रणनीति तैयार करने तक, बीना पूरे चुनाव के दौरान भानु के साथ खड़ी रहीं। मंगलवार देर शाम जब चुनाव परिणाम घोषित हुए, तब मां-बेटे की इस साझा मेहनत की चर्चा पूरे परिसर में होने लगी।
जीत के बाद भावुक बीना ने कहा, "मेरी आंखों में खुशी के आंसू हैं। जो लोग मेरे बेटे को बाहरी बता रहे थे, उन्हें भानु की जीत से जवाब मिल गया है। हम बाहरी नहीं हैं, हम नैनीताल के ही हैं। शहर ने हमें इतना समर्थन दिया, इसके लिए मैं बहुत खुश हूं और आभारी भी हूं।"
भानु की जीत के बाद उनके समर्थकों ने नारे लगाकर और जश्न मनाकर खुशी जाहिर की। भानु ने जीत का प्रमाणपत्र हासिल किया। उनके लिए यह जीत सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि चुनाव प्रचार के दौरान उठाए गए मुद्दों पर काम करने का अवसर भी है।
भानु ने कहा, "मैं अपनी जीत से बहुत खुश हूं, लेकिन डीएसबी परिसर के लिए इससे भी ज्यादा खुशी महसूस कर रहा हूं। हमने चुनाव के दौरान जो वादे किए और जिन मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ा, उन्हें पूरा करने और उनका समाधान निकालने के लिए हम पूरी मेहनत करेंगे।"
निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भानु की जीत ने परिसर के इस चुनाव को खास बना दिया। वहीं, इस चुनाव ने बीना को भी एक बार फिर कक्षा में पहुंचा दिया। इस बार वह एक छात्रा के रूप में कॉलेज आई थीं और साथ ही बेटे के चुनाव अभियान में भी पूरी तरह सक्रिय थीं।
बीना ने नैनीताल के लोगों का आभार जताया। उनके लिए यह खुशी सिर्फ बेटे को मिले वोटों की नहीं, बल्कि उस अपनापन और समर्थन की भी थी, जो उनके मुताबिक शहर ने उनके परिवार को दिया।
अन्य पदों पर ये उम्मीदवार जीते
कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में छात्रसंघ चुनाव के अन्य परिणामों में संयुक्त सचिव पद पर अनुष पुरी ने 1,614 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं, सृष्टि रावत कोषाध्यक्ष चुनी गईं। इसके अलावा, कुमकुम जोशी महिला उपाध्यक्ष और अभिषेक रैकुनी पुरुष उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।


