'अगले जन्म में जरूर डॉक्टर बनूंगा', 19 साल के NEET अभ्यर्थी ने की खुदकुशी, 400 से कम अंक आने पर था मायूस
19 वर्षीय NEET अभ्यर्थी सूरज सुभाष शिंदे ने उम्मीद से कम अंक आने से परेशान होकर छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली। वह माता पिता के लिए एक भावुक नोट भी छोड़ गया है।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक 19 साल के नीट अभ्यर्थी ने अपने घर पर सुसाइड कर लिया। पुलिस का कहना है कि वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा में उम्मीद से कम नंबर आने से परेशान था। छात्र अपने माता-पिता के नाम दो लाइन का एक नोट छोड़ गया है जिसमें उसने लिखा- "सॉरी आई और अप्पा, अगले जन्म में मैं आपके लिए डॉक्टर बनूंगा। अपना ख्याल रखना और खुश रहना।" मृतक छात्र की पहचान सूरज सुभाष शिंदे के तौर पर हुई है। वह बीते दो वर्ष से वैजापुर तालुका के खंडाला गांव में घर से ही नीट यूजी की तैयारी कर रहा था। शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक वह एग्जाम में उम्मीद से कम नंबर आने से परेशान था।
वैजापुर के प्रोबेशनरी सब-डिवीजनल पुलिस अधिकारी विनय सोनावने के अनुसार, 'विद्यार्थी ने री नीट परीक्षा (re-NEET) दी थी और 400 से कम अंक आने के कारण परेशान था। उसे लगा कि इतने कम अंकों पर उसे MBBS की सीट नहीं मिल पाएगी।
घटना के समय सूरज के परिवार वाले गांव में हो रहे एक हफ्ते के धार्मिक प्रोग्राम में शामिल होने गए थे। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे परिवार घर लौटा और सूरज को कॉल करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद था। फिर उसकी छोटी बहन ऊपर गई और उसे एक कमरे में लटका हुआ पाया। उसकी चीखें सुनकर परिवार वाले कमरे में पहुंचे और सूरज को वैजापुर सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले गए। डॉक्टरों ने उसकी जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया।
वैजापुर पुलिस ने एक्सीडेंटल मौत का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है। पुलिस उसकी मौत के आसपास के हालात की जांच कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या उसके NEET स्कोर से निराशा का कोई रोल था।
इससे पहले जुलाई के अंतिम सप्ताह में अहिल्यानगर जिले के कर्जत तालुका के जलालपुर गांव में एक नीट छात्रा ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में खराब प्रदर्शन के चलते अपनी जान दे दी थी। उसके चाचा ने बताया था कि वह 3 मई की NEET परीक्षा को लेकर आश्वस्त थी क्योंकि उसके पेपर अच्छे गए थे। हालांकि NEET री-एग्जाम में उसे 166 मार्क्स मिले, जो उसकी कैटेगरी कटऑफ 177 से 10 मार्क्स कम थे। इसके बाद वह टेंशन में लग रही थी।”
NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को हुई थी, जिसमें करीब 22 लाख उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था, लेकिन 12 मई को प्रश्नपत्र लीक होने के कारण इसे रद्द कर दिया गया था। री नीट 21 जून को हुआ। दोबारा हुई परीक्षा के नतीजे 16 जुलाई को घोषित किए गए थे।

