WHO Internship 2026: जिनेवा में इंटर्नशिप के लिए मांगे अवेदन, मिलेगा शानदार स्टाइपेंड और सुविधाएं, Direct Link
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने हेल्थ इमरजेंसीज इंटर्नशिप 2026 के लिए आवेदन मांगे हैं। मेडिकल और साइंस के छात्र 31 जुलाई तक आवेदन कर शानदार स्टाइपेंड और ग्लोबल अनुभव पा सकते हैं।

क्या आप मेडिकल या साइंस के छात्र हैं और दुनिया भर में स्वास्थ्य नीतियों को करीब से समझने का ख्वाब देखते हैं? अगर हां, तो आपके लिए एक बेहद शानदार खबर है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने अपनी प्रतिष्ठित 'हेल्थ इमरजेंसीज इंटर्नशिप-2026' के लिए दरवाजे खोल दिए हैं। यह सिर्फ एक इंटर्नशिप नहीं है, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े हेल्थ प्लेटफॉर्म पर काम करने, ग्लोबल लेवल पर चीजें सीखने और अपने करियर को एक नई दिशा देने का बेहतरीन मौका है। सोचिए, जिस संस्था की गाइडलाइंस पूरी दुनिया फॉलो करती है, वहां आपको सिस्टम का हिस्सा बनकर काम करने का तजुर्बा मिले। यह मौका उन सभी होनहार युवाओं के लिए है जो ग्लोबल हेल्थ, महामारी नियंत्रण और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में अपना मुकाम बनाना चाहते हैं।
क्या-क्या सीखने को मिलेगा?
इस इंटर्नशिप प्रोग्राम का असल मकसद युवाओं को किताबी दुनिया से बाहर निकालकर असली चुनौतियों से रू-ब-रू कराना है। चयनित छात्रों को सीधे महामारी नियंत्रण की तैयारियों और रणनीतियों पर काम करने का मौका मिलेगा। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं असल जिंदगी में कैसे काम करती हैं, मेडिकल रणनीतियां कैसे बुनी जाती हैं, और बड़े पैमाने पर डेटा का विश्लेषण करके नीतियां कैसे तय होती हैं, ये सब आप यहां करीब से सीखेंगे। इसके अलावा, इंटर्न्स वैक्सीन से जुड़े प्रोजेक्ट्स, रिसर्च और हेल्थ इमरजेंसी परियोजनाओं पर भी काम करेंगे। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने के तौर-तरीकों को समझने का एक शानदार जरिया है।
कौन कर सकता है आवेदन?
अब सवाल उठता है कि इसके लिए दावेदारी कौन पेश कर सकता है? डब्ल्यूएचओ ने इसके लिए कुछ स्पष्ट शर्तें रखी हैं। आपने किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से फुल-टाइम अंडरग्रेजुएट की डिग्री पूरी कर ली हो। आप वर्तमान में मेडिसिन, बायोलॉजी, बायोइन्फॉर्मेटिक्स, माइक्रोबायोलॉजी, या वायरोलॉजी जैसे विषयों की पढ़ाई कर रहे हों। बायोकेमिस्ट्री, मेडिकल साइंस, इंफॉर्मेशन साइंस, स्टैटिस्टिक्स या पब्लिक हेल्थ से जुड़े छात्र भी इसमें पूरे हक से आवेदन कर सकते हैं।
जरूरी कौशल और अनुभव
सिर्फ डिग्री का होना ही काफी नहीं है। डब्ल्यूएचओ एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच है, इसलिए वे ऐसे उम्मीदवारों की तलाश में हैं जिनकी कम्युनिकेशन स्किल (बातचीत का तरीका) बेहद प्रभावशाली हो। आपको एक बड़ी टीम के साथ तालमेल बिठाकर काम करना होगा, इसलिए टीम वर्क की भावना होना लाजमी है। दुनिया भर से आए अलग-अलग संस्कृतियों के लोगों के साथ काम करना होगा, इसलिए हर कल्चर का सम्मान करने वाला नजरिया होना चाहिए।
तकनीकी कौशल की बात करें तो, वर्ड, एक्सेल और पावरप्वाइंट जैसे कंप्यूटर प्रोग्राम की बेसिक जानकारी होना जरूरी है। अगर आपको स्टैटिस्टिकल सॉफ्टवेयर चलाना आता है, या रिसर्च, डेटा एनालिसिस और रिपोर्ट तैयार करने का थोड़ा बहुत भी अनुभव है, तो आपको बाकियों से ज्यादा तवज्जो मिलेगी। इसके अलावा, अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ होना अनिवार्य है। अगर आपको फ्रेंच या संयुक्त राष्ट्र की कोई अन्य आधिकारिक भाषा आती है, तो यह आपके लिए 'सोने पर सुहागा' साबित होगा।
क्या है इंटर्नशिप की अवधि
यह इंटर्नशिप कोई छोटा-मोटा क्रैश कोर्स नहीं है। यह प्रोग्राम पूरे 24 हफ्तों तक चलेगा, जिससे आपको सीखने के लिए पूरा समय मिलेगा। इसकी शुरुआत 5 अक्तूबर, 2026 से होगी और यह 19 मार्च, 2027 तक चलेगा।
क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं
विदेश में इंटर्नशिप का नाम सुनते ही अक्सर खर्चे की चिंता सताने लगती है। लेकिन डब्ल्यूएचओ आपकी इस परेशानी का भी पूरा ख्याल रख रहा है। चयनित इंटर्न्स को रहने और खाने-पीने के खर्च के लिए हर महीने एक अच्छा-खासा 'लिविंग अलाउंस' दिया जाएगा। अगर आपकी पोस्टिंग जिनेवा में होती है, तो यह अलाउंस आपकी जरूरत और रहने की जगह के हिसाब से अधिकतम 739 स्विस फ्रैंक (CHF) से लेकर 1,680 स्विस फ्रैंक प्रति माह तक हो सकता है। सिर्फ इतना ही नहीं, हर काम वाले दिन (वर्किंग डे) के लिए आपको 20 स्विस फ्रैंक का लंच वाउचर भी मिलेगा। साथ ही, किसी भी अनहोनी या स्वास्थ्य समस्या के लिए दुर्घटना और मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा भी दी जाएगी।
आवेदन कैसे करें?
अगर आपको लगता है कि आपके अंदर वो बात है जो डब्ल्यूएचओ को चाहिए, तो फटाफट अप्लाई कर दें। इच्छुक उम्मीदवार सीधे डब्ल्यूएचओ के आधिकारिक करियर पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए अपनी प्रोफाइल को अच्छी तरह से पूरा करें और मांगे गए सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। इस बात का खास ख्याल रखें कि आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई, 2026 है। इसलिए, आखिरी वक्त के सर्वर डाउन या किसी और झंझट से बचने के लिए जल्द से जल्द अपना फॉर्म सबमिट कर दें।


