इस राज्य में दोबारा बढ़ीं गर्मियों की छुट्टियां, अब 1 जून को खुलेंगे स्कूल; आपके राज्य का क्या हाल
भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने स्कूलों की छुट्टियां 31 मई तक बढ़ा दी हैं। वहीं कई राज्यों ने स्कूल टाइमिंग में भी बदलाव किया है।

भीषण गर्मी ने देशभर में लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। चिलचिलाती धूप और लगातार बढ़ते तापमान के बीच अब बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए कई राज्य सरकारें बड़े फैसले ले रही हैं। इसी कड़ी में पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी सरकारी स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां 31 मई 2026 तक बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। लगातार पड़ रही तेज गर्मी और हीटवेव को देखते हुए शिक्षा विभाग ने यह कदम उठाया है ताकि छात्रों को झुलसाने वाली गर्मी से बचाया जा सके। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के सभी सरकारी स्कूलों में यह आदेश लागू रहेगा। हालांकि पहाड़ी इलाकों के स्कूलों को इससे बाहर रखा गया है। पहले गर्मी की छुट्टियां 11 मई से शुरू हुई थीं, लेकिन अब इन्हें बढ़ाकर 31 मई तक कर दिया गया है। ऐसे में छात्र अब 1 जून 2026 से दोबारा स्कूल लौटेंगे।
सरकार का कहना है कि मौजूदा मौसम छात्रों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकता है। पश्चिम बंगाल के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
निजी स्कूलों को दी गई छूट
सरकारी आदेश सरकारी स्कूलों के लिए अनिवार्य है, जबकि निजी स्कूलों को अपने स्तर पर फैसला लेने की छूट दी गई है। वे चाहें तो छुट्टियां बढ़ा सकते हैं या फिर सीमित समय के लिए कक्षाएं चला सकते हैं।
कई राज्यों ने बदला स्कूलों का समय
गर्मी का असर सिर्फ पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं है। देश के कई राज्यों में स्कूलों का समय बदल दिया गया है ताकि बच्चे दोपहर की तेज धूप से बच सकें। उत्तर प्रदेश में अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चल रहे हैं। वहीं झारखंड में स्कूलों का समय सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक कर दिया गया है। सरकारों का मानना है कि सुबह के समय पढ़ाई कराने से छात्रों को लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाया जा सकता है।
दिल्ली में लगभग दो महीने की छुट्टी
राजधानी दिल्ली में भी स्कूलों में लंबी गर्मी की छुट्टियां घोषित की गई हैं। यहां 11 मई से 30 जून तक स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए 11 मई से 23 मई तक रिमेडियल क्लासेज चलाई जा रही हैं ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
राज्यवार स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां
- दिल्ली: 11 मई से 30 जून
- उत्तर प्रदेश: 20 मई से 15 जून
- बिहार: 1 जून से 20 जून
- पश्चिम बंगाल: 11 मई से 31 मई
- हरियाणा: 1 जून से 30 जून
- राजस्थान: 17 मई से 20 जून 2026
- ओडिशा: 27 अप्रैल से
- तेलंगाना: 24 अप्रैल से 11 जून
- छत्तीसगढ़: 20 अप्रैल से 15 जून
- आंध्र प्रदेश: 24 अप्रैल से 11 जून
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


