सरकारी कंपनी में निकली कई पदों नौकरियां, बिना फीस करें आवेदन; विदेश में भी हो सकती है तैनाती
भारत सरकार के अधीन कंपनी वाप्कोस लिमिटेड ने 137 पदों पर भर्ती निकाली है। फील्ड इंजीनियर और फील्ड सुपरवाइजर पदों के लिए 26 मई 2026 तक ईमेल से आवेदन किए जा सकते हैं।

भारत सरकार के अधीन काम करने वाली कंपनी WAPCOS Limited ने अलग-अलग परियोजनाओं के लिए 137 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती फील्ड इंजीनियर और फील्ड सुपरवाइजर पदों के लिए की जाएगी। खास बात यह है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ईमेल के जरिए होगी और किसी भी वर्ग के उम्मीदवारों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। कंपनी की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक ये नियुक्तियां प्रोजेक्ट आधारित और अस्थायी होंगी। हालांकि काम का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह अच्छा मौका माना जा रहा है।
किन पदों पर होगी भर्ती
भर्ती के तहत कुल 137 पद भरे जाएंगे। इनमें 91 पद फील्ड सुपरवाइजर के और 46 पद फील्ड इंजीनियर के हैं।
फील्ड सुपरवाइजर पद के लिए योग्यता
फील्ड सुपरवाइजर पद पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, कंप्यूटर साइंस या आईटी में डिग्री या डिप्लोमा होना जरूरी है। डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों के पास कम से कम दो साल का अनुभव होना चाहिए। वहीं डिप्लोमा धारकों के लिए चार साल का कार्य अनुभव मांगा गया है।
फील्ड इंजीनियर पद के लिए क्या चाहिए
फील्ड इंजीनियर पद के लिए इलेक्ट्रिकल या इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिग्री या डिप्लोमा जरूरी है। डिग्री धारकों के पास कम से कम तीन साल और डिप्लोमा धारकों के पास छह साल का कार्य अनुभव होना चाहिए।
कितनी मिलेगी सैलरी
वाप्कोस लिमिटेड की तरफ से बताया गया है कि उम्मीदवारों को योग्यता और अनुभव के आधार पर वेतन दिया जाएगा। अलग-अलग अनुभव वाले उम्मीदवारों की सैलरी अलग हो सकती है।
आयु सीमा को लेकर क्या नियम हैं
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा संस्थान के नियमों के अनुसार तय की जाएगी। आयु की गणना 30 अप्रैल 2026 को आधार मानकर होगी। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के मुताबिक छूट भी मिलेगी।
चयन कैसे होगा
उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा। इंटरव्यू में शामिल होने के लिए किसी तरह का यात्रा भत्ता नहीं मिलेगा। साक्षात्कार की तारीख, समय और जगह की जानकारी उम्मीदवारों को ईमेल और कंपनी की वेबसाइट के जरिए दी जाएगी।
किन राज्यों में होगी नियुक्ति
यह भर्ती हरियाणा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और नगालैंड की परियोजनाओं के लिए की जा रही है। हालांकि जरूरत पड़ने पर उम्मीदवारों की नियुक्ति देश या विदेश में कहीं भी की जा सकती है।
आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को जन्मतिथि प्रमाण पत्र या 10वीं की मार्कशीट, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज लगाने होंगे।
ऐसे करें आवेदन
- उम्मीदवार सबसे पहले www.wapcos.co.in/english पर जाएं। इसके बाद Careers सेक्शन में जाकर Current Advertisements पर क्लिक करें।
- वहां “Hiring of experts on Project term basis for work relating to the various Projects under RDSS” वाले विज्ञापन को खोलें और पूरी जानकारी ध्यान से पढ़ लें।
- इसके बाद CV Format डाउनलोड करें, आवेदन पत्र भरें और जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी तैयार करें। फिर सभी दस्तावेज तय ईमेल आईडी पर भेज दें।
आवेदन भेजने की आखिरी तारीख
उम्मीदवार 26 मई 2026 तक आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन इस ईमेल आईडी rdss@wapcos.co.in पर भेजना होगा।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


