Hindi Newsकरियर न्यूज़vadodara municipal corporation vmc public health worker field worker recruitment 2026 online apply
554 पदों पर निकली वैकेंसी, 8वीं-12वीं पास के लिए मौका; तुरंत करें आवेदन

554 पदों पर निकली वैकेंसी, 8वीं-12वीं पास के लिए मौका; तुरंत करें आवेदन

संक्षेप:

वडोदरा नगर निगम की यह भर्ती 8वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी पाने का बेहतरीन अवसर लेकर आई है।

Jan 04, 2026 10:21 pm ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

गुजरात में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। वडोदरा नगर निगम (VMC) ने वर्ष 2026 के लिए स्वास्थ्य विभाग में पब्लिक हेल्थ वर्कर और फील्ड वर्कर के कुल 554 पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें 8वीं और 12वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और इच्छुक अभ्यर्थी 10 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

कौन सी संस्था कर रही है भर्ती

यह भर्ती वडोदरा नगर निगम (Vadodara Municipal Corporation - VMC) द्वारा की जा रही है। नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग इन पदों पर नियुक्ति करेगा। उम्मीदवारों को आवेदन केवल निगम की आधिकारिक वेबसाइट vmc.gov.in के माध्यम से ही करना होगा।

कुल पदों का विवरण

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 554 पद भरे जाएंगे। इनमें से पब्लिक हेल्थ वर्कर (PHW) के 106 पद निर्धारित किए गए हैं, जबकि फील्ड वर्कर (FW) के 448 पद शामिल हैं। दोनों पदों पर चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।

पब्लिक हेल्थ वर्कर के लिए योग्यता

पब्लिक हेल्थ वर्कर पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है, साथ ही सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त सैनिटरी इंस्पेक्टर कोर्स या मल्टी पर्पज हेल्थ वर्कर (MPHW) कोर्स पास होना चाहिए। इसके अलावा कंप्यूटर बेसिक कोर्स (CCC या समकक्ष) अनिवार्य है। जो उम्मीदवार पहले वडोदरा नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में फील्ड ड्यूटी कर चुके हैं, उनके लिए 10वीं पास योग्यता भी मान्य रखी गई है। स्वास्थ्य क्षेत्र का अनुभव रखने वालों और वडोदरा शहर के निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

फील्ड वर्कर के लिए योग्यता

फील्ड वर्कर पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास रखी गई है। उम्मीदवार को साइकिल चलाना आना चाहिए, क्योंकि फील्ड ड्यूटी में इसकी जरूरत होगी। स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में अनुभव रखने वाले और वडोदरा शहर के निवासी उम्मीदवारों को इस पद पर भी वरीयता दी जाएगी।

कितनी मिलेगी सैलरी

वडोदरा नगर निगम द्वारा दोनों पदों पर फिक्स्ड मासिक मानदेय दिया जाएगा। पब्लिक हेल्थ वर्कर को 16,462 रुपये प्रति माह, फील्ड वर्कर को 15,698 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा। यह वेतन नगर निगम के नियमानुसार निर्धारित किया गया है।

आयु सीमा क्या है

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष तय की गई है। सामान्य उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष है। वहीं, जो उम्मीदवार पहले वडोदरा नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में फील्ड ड्यूटी कर चुके हैं, उनके लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 59 वर्ष कर दी गई है। वर्तमान में VMC में कार्यरत फील्ड स्टाफ 45 वर्ष से अधिक होने पर भी आवेदन कर सकता है।

आवेदन से जुड़ी जरूरी तारीखें

VMC भर्ती 2026 का विज्ञापन 31 दिसंबर 2025 को जारी किया गया। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जनवरी 2026 दोपहर 12 बजे से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 10 जनवरी 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद कोई भी फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा।

चयन प्रक्रिया कैसे होगी

उम्मीदवारों का चयन कैटेगरी वाइज मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा। कुल 150 अंकों की मेरिट प्रणाली तय की गई है, जिसमें शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी और हेल्थ कोर्स, कंप्यूटर ज्ञान, स्थानीय निवास, सामान्य अनुभव, स्वास्थ्य क्षेत्र का अनुभव, VMC या कोविड 19 कार्य अनुभव के लिए अलग अलग अंक निर्धारित हैं। जरूरत पड़ने पर लिखित परीक्षा या इंटरव्यू भी कराया जा सकता है।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी लाइव हिन्दुस्तान में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं। वे करियर, एजुकेशन और जॉब्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी, आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं पर इनकी पैनी नजर रहती है। कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक, जामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2016 में इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत की और लाइव हिन्दुस्तान से पहले जी न्यूज, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज जैसे बड़े मीडिया हाउस में काम कर चुके हैं। करियर, एजुकेशन और जॉब्स के अलावा हिमांशु को राजनीति, देश-विदेश, रिसर्च और मनोरंजन बीट का भी अनुभव है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।