UPTET : रिटायर IAS IPS की निगरानी में होगा यूपीटीईटी, घड़ी और ATM कार्ड बैन
UPTET 2026 रिटायर आईएएस और आईपीएस की निगरानी में होगी। नकलविहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अनुभवी प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारियों को पर्यवेक्षक के रूप में लगाया है।

चार साल बाद होने जा रहा उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) 2026 रिटायर आईएएस और आईपीएस की निगरानी में होगी। नकलविहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अनुभवी प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारियों को पर्यवेक्षक के रूप में लगाया है। प्रदेश के 60 जिलों में निर्धारित 955 केंद्रों पर दो से चार जुलाई तक पांच पालियों में होने जा रही परीक्षा के लिए प्रत्येक जिले में एक-एक पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। चयन आयोग के कुछ सदस्य भी पर्यवेक्षक बनाए गए हैं।
घड़ी और एटीएम कार्ड पर भी प्रतिबंध
चयन आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपना क्लिपबोर्ड या हार्ड बोर्ड/कार्ड बोर्ड (जिस पर कुछ लिखा न हो) और काली स्याही का बॉल प्वाइंट पेन साथ लेकर आएं।
अभ्यर्थी काले बॉल प्वाइंट पेन के अतिरिक्त किसी अन्य प्रकार की स्याही का प्रयोग कदापि न करें। अभ्यर्थी को किसी तरह का मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन डाईव, हार्ड डिस्क, डेटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाईस, ईयरफोन, किसी भी तरह की हाथ की घड़ी, एटीएम कार्ड, कोई विद्युत सामग्री जो धातु से बनी हो, कान में लगी किसी भी तरह की मशीन, कागज पर बनी सारणियां ग्राफ शीट, मानचित्र, स्लाइड रूल्स को लेकर परीक्षा केन्द्र के भीतर जाने की अनुमति नहीं है।
अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार की सामग्री के आपस में आदान-प्रदान पर मनाही है।
व्हाइटनर, ब्लेड या रबर आदि का उपयोग प्रतिबंधित
उत्तर पत्रक में भरी गई सूचनाओं को व्हाइटनर, ब्लेड या रबर आदि से मिटाना प्रतिबंधित है। यदि उत्तर पत्रक में गोलों को सही से काला नहीं किया जाता है या कोई भी सूचना त्रुटिपूर्ण भरी जाती है, तो उत्तर-पत्रक का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा, और इसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद, उत्तर पत्रक की प्रतियों को अभ्यर्थी स्वयं अलग नहीं करेंगे। अभ्यर्थी को सभी पत्रक जुड़ी हुई स्थिति में अंतरीक्षक को सौंपनी होंगी। अंतरीक्षक उत्तर पत्रकों की गणना करने के बाद तीनों प्रतियों को अलग करेंगे और अभ्यर्थियों को अभ्यर्थी प्रति दे देंगे। अभ्यर्थी को तब तक अपनी सीट पर बैठे रहना होगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद, अभ्यर्थियों को अपने साथ अपनी उत्तर पत्रक की प्रति और प्रश्न पुस्तिका ले जाने की अनुमति होगी। परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को अन्तिम आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
किस पाली में किसकी परीक्षा
02 और 03 जुलाई को इम्तिहान दो-दो पालियों में लिया जाएगा। वहीं, 04 जुलाई को सिर्फ एक ही पाली यानी पहली शिफ्ट में परीक्षा खत्म हो जाएगी। पहली शिफ्ट की शुरुआत सुबह 09:30 बजे से होगी और यह दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी। इसके बाद दूसरी शिफ्ट वालों का नंबर आएगा, जिनकी परीक्षा दोपहर 02:30 बजे से शुरू होकर शाम 05:00 बजे तक चलेगी। 02 जुलाई 2026 को जो दोनों शिफ्ट होंगी, वो सिर्फ उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) स्तर के लिए रखी गई हैं। यानी इस दिन सुबह 09:30 बजे से 12:00 बजे तक और फिर दोपहर 02:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक, दोनों ही पालियों में कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षक बनने की चाह रखने वाले अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। इस दिन की पहली पाली (सुबह 09:30 से 12:00 बजे) तो उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) के लिए ही होगी, लेकिन दूसरी पाली (दोपहर 02:30 से शाम 05:00 बजे) में प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) स्तर की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के आखिरी दिन यानी 04 जुलाई 2026 का शेड्यूल सबसे आसान रखा गया है। इस दिन सिर्फ और सिर्फ एक ही शिफ्ट में एग्जाम होगा, जो कि पहली पाली (सुबह 09:30 बजे से 12:00 बजे) में आयोजित किया जाएगा। यह शिफ्ट पूरी तरह से प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) स्तर के उम्मीदवारों के लिए रिजर्व की गई है।


