UPTET : यूपीटीईटी रिजल्ट ने तोड़े सफलता के सारे रिकॉर्ड, देखें कक्षा 1-5 व 1-8 के वर्षवार आंकड़ें
चार साल के अंतराल के बाद आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) ने सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दोनों स्तर की परीक्षा में 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल हैं।

चार साल के अंतराल के बाद आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) ने सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दोनों स्तर की परीक्षा में 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल हैं। 2011 में पहली बार आयोजित टीईटी के बाद अब तक तीन संस्थाएं टीईटी करा चुकी हैं। 13 नवंबर 2011 को पहली बार यूपी बोर्ड ने परीक्षा कराई थी। उसके बाद से 2022 तक परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने परीक्षा कराई और 2026 की परीक्षा पहली बार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने कराई है। चयन आयोग की ओर से बुधवार को घोषित परिणाम ने अभ्यर्थियों की बल्ले-बल्ले कर दी। खासतौर से कार्यरत शिक्षकों में खुशी की लहर है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आरटीई लागू होने के पूर्व नियुक्त शिक्षकों को भी टीईटी पास करना अनिवार्य था।
दो से चार जुलाई तक प्रदेश के 60 जिलों में 955 केंद्रों पर पांच पालियों (तीन पाली उच्च प्राथमिक स्तर एवं दो पाली प्राथमिक स्तर) में परीक्षा कराई गई थी। चयन आयोग के उपसचिव और पीआरओ डॉ. संजय सिंह ने बताया कि प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच तक) के लिए टीईटी में सम्मिलित कुल 713648 अभ्यर्थियों में से 571435 अभ्यर्थी (80.07 प्रतिशत) सफल हैं।
वहीं उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ तक) के लिए परीक्षा में शामिल 1057021 अभ्यर्थियों में से 759513 (71.85 प्रतिशत) अभ्यर्थी पास हैं।
अभ्यर्थियों का आंकड़ा
प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की टीईटी में वर्षवार सफल
वर्ष सम्मिलित पास प्रतिशत
2026 713648 571435 80.07
2021 1147090 443598 38.67
2019 990744 294635 29.74
2018 1101645 386137 35.05
2017 276636 52423 19.95
2016 221654 25226 11.38
2015 237620 59062 24.85
उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) स्तर की टीईटी में वर्षवार सफल
वर्ष सम्मिलित पास प्रतिशत
2026 1057021 759513 71.85
2021 765921 216994 28.33
2019 523972 60068 11.46
2018 569515 188646 33.12
2017 531712 41888 07.88
2016 454616 50138 11.03
2015 622437 87353 14.03


