UPTET : 5 घंटे पहले पता चलेगा किस पेपर से होगा यूपी टीईटी, 1 मिनट में होगी 1 अभ्यर्थी की जांच
UPESSC ने यूपी टीईटी के लिए प्रश्नपत्र के कई सेट तैयार कराए हैं। परीक्षा में किन प्रश्नपत्रों के सेट का प्रयोग किया जाएगा, इसकी सूचना परीक्षा के दिन पेपर शुरू होने के पांच घंटे पहले ही दी जाएगी।

दो से चार जुलाई तक प्रदेश के 60 जिलों में होने जा रही उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) को लेकर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग खास सतर्कता बरत रहा है। पिछली बार चार साल पहले नवंबर 2021 में यूपी-टीईटी का प्रश्नपत्र लीक होने के कारण परीक्षा निरस्त करनी पड़ गई थी और परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय की खासी किरकिरी हुई थी। ऐसी किसी भी आशंका को समाप्त करने के लिए इस बार कई कदम उठाए गए हैं। चयन आयोग ने प्राथमिक और उच्च स्तर की यूपी-टीईटी के लिए प्रश्नपत्र के कई सेट तैयार कराए हैं। परीक्षा में किन प्रश्नपत्रों के सेट का प्रयोग किया जाएगा, इसकी सूचना परीक्षा के दिन पेपर शुरू होने के पांच घंटे पहले ही दी जाएगी।
अपर जिलाधिकारी/नोडल अधिकारी (परीक्षा), कोषाधिकारी और कार्यदायी संस्था के जिला प्रबंधक यह सुनिश्चित करेंगे कि जिस प्रश्नपत्र सेट कोड व ट्रंक लेबल कलर कोड का चयन किया गया है, उस पाली में उसी कलर कोड के ट्रंक में रखे पेपर का वितरण किया जाए। गौरतलब है कि यूपीटीईटी के लिए पंजीकृत कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों के लिए 955 केंद्र बनाए गए हैं।
एक मिनट में होगी एक अभ्यर्थी की जांच
अभ्यर्थियों के बायोमीट्रिक डेटा (आइरिस स्कैन व फोटोग्राफ) कैप्चरिंग के लिए केंद्रों के मुख्य द्वार पर टीमें तैनात की जाएंगी। तकनीकी टीमों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी अभ्यर्थी के बायोमीट्रिक डाटा कैप्चरिंग में सामान्यतः एक मिनट से अधिक का समय न लगे ताकि परीक्षा में कोई अड़चन न पैदा हो।
प्रश्नपत्रों के सभी ट्रंक पर वन टाइम लॉक
प्रश्नपुस्तिकाओं एवं ओएमआर उत्तर-पुस्तिका के ट्रंक पर ‘वन टाइम लॉक’ लगे हैं। प्रत्येक पाली की परीक्षा शुरू होने के 45 मिनट पहले वायर कटर (आरी) से ट्रंक खोले जाएंगे। प्रश्न पुस्तिका भी एक वन टाइम सीलर पारदर्शी पैकेट में रखकर सील की गई है।
दो घंटे पहले होगी कक्ष निरीक्षकों की तैनाती
कक्ष निरीक्षकों के परीक्षा कक्ष का आवंटन अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से 30 मिनट पूर्व (परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले) स्टैटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में रैंडम आधार पर किया जाएगा। केंद्र अधीक्षक रैंडमाइजेशन के बाद कक्ष निरीक्षकों की कक्षावार ड्यूटी लगाएंगे।
पेपर का क्रमांक न भरने पर नहीं जंचेगी कॉपी
ओएमआर उत्तरपत्रक में प्रश्न पुस्तिका क्रमांक की प्रविष्टि को न भरने या गलत भरने पर ओएमआर उत्तरपत्रक का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा, जिसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होगा। प्रत्येक प्रश्न में दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर का चुनाव कर गोले को पूरी तरह से भरें। एक से अधिक गोले भरने पर उत्तर गलत माना जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि उत्तरपत्रक को न तो मोड़ना चाहिए न ही उस पर किसी भी तरह का चिह्न बनाना चाहिए। प्रश्नपुस्तिका से किसी भी पृष्ठ को हटाना अथवा फाड़ना नहीं चाहिए अन्यथा उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
जिले में 53 केंद्रों पर 96626 अभ्यर्थी
दो से चार जुलाई तक होने जा रही यूपीटीईटी के लिए प्रयागराज में निर्धारित 53 केंद्रों पर 96626 अभ्यर्थी शामिल होंगे। दो जुलाई को 9:30 से 12 और 2:30 से पांच बजे की दोनों पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी के लिए 39982 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। तीन जुलाई को पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 1992 और दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 19992 कुल 39984 अभ्यर्थी आवंटित हैं। चार जुलाई को केवल पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 16660 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के लिए करछना, जसरा तक केंद्र बनाए गए हैं।


