UPTET Result 2026 Date: यूपी टीईटी रिजल्ट का upessc.up.gov.in पर जल्द, कैसे कर सकेंगे डाउनलोड?
UPTET Result 2026 Date: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) जल्द ही यूपीटीईटी 2026 परीक्षा का रिजल्ट जारी करने वाला है। जानिए upessc.up.gov.in पर रिजल्ट चेक करने का तरीका।

UPTET Result 2026 Date: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) जल्द ही उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का रिजल्ट घोषित करने की तैयारी में है। परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड और मेरिट लिस्ट आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग की ओर से रिजल्ट जारी किए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। ऐसे में परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपना एडमिट कार्ड, रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर ढूंढ़कर तैयार रखें, ताकि नतीजा आते ही वे बिना किसी परेशानी के अपना स्कोर देख सकें।
कितने अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा?
उत्तर प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को यूपी टीईटी की परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 19,94,661 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 17,70,714 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस बार कुल उपस्थिति 88.77 प्रतिशत दर्ज की गई।
प्राथमिक स्तर यानी पेपर 1 (कक्षा 1 से 5) के लिए 7,83,202 रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों में से 7,13,659 (91.12%) उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर यानी पेपर 2 (कक्षा 6 से 8) के लिए 12,11,459 रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों में से 10,57,055 (87.25%) उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे।
आंसर की पर आपत्तियों की समीक्षा पूरी
परीक्षा संपन्न होने के बाद आयोग ने 8 जुलाई 2026 को प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी। अभ्यर्थियों को 14 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया था। प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा के बाद अब फाइनल आंसर-की के साथ रिजल्ट जारी किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। OMR शीट की स्कैनिंग का काम पूरा होने के बाद अब रिजल्ट की घोषणा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
ध्यान देने योग्य बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार अब उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने के लिए TET पास करना पूरी तरह अनिवार्य है। साथ ही, वर्तमान में कार्यरत ऐसे शिक्षक जिनकी सेवा अवधि अभी 5 वर्ष या उससे अधिक बची हुई है, उनके लिए भी इस परीक्षा को उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है।
पास होने के लिए कितने अंक जरूरी और क्या है कटऑफ?
UPTET परीक्षा 150 अंकों की होती है और इसमें प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1 अंक दिया जाता है। इस परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होती है। परीक्षा पास करने के लिए श्रेणियों के अनुसार न्यूनतम अंक तय किए गए हैं।
सामान्य (General) और EWS वर्ग: न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक (150 में से 90 अंक) पाना अनिवार्य है।
OBC, SC, ST और PwD वर्ग: न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक (150 में से 82 अंक) हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को पात्र माना जाएगा।
यह परीक्षा केवल पात्रता परीक्षा है। इसमें मिलने वाले सर्टिफिकेट की मान्यता अब आजीवन रहेगी। UPTET पास करने वाले अभ्यर्थी भविष्य में निकलने वाली प्राथमिक व उच्च प्राथमिक शिक्षक भर्तियों के लिए आवेदन करने के योग्य बन जाते हैं।
रिजल्ट कैसे चेक करें?
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाएं।
2. होमपेज पर "UPTET 2026 Result / Scorecard" के लिंक पर क्लिक करें।
3. अब अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि (Date of Birth) या पासवर्ड दर्ज करें।
4. डिटेल्स सबमिट करते ही आपकी स्क्रीन पर UPTET का स्कोरकार्ड खुल जाएगा।
5. अपने प्राप्तांक और क्वालिफाइंग स्टेटस की जांच करें और भविष्य के लिए इसका प्रिंटआउट निकाल कर रख लें।


