यूपीटीईटी परीक्षा 2026 का आ गया रिजल्ट, कुल कितने अभ्यार्थी हुए पास?
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बुधवार को यूपीटीईटी परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। इसके मुताबिक कुल 13 लाख से ज्यादा अभ्यार्ती सफल हुए हैं।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बुधवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) का रिजल्ट जारी कर दिया है। दोनों स्तर की परीक्षाओं में लगभग 13 लाख से ज्यादा अभ्यार्थी सफल हुए हैं। दो से चार जुलाई तक राज्य के 60 जिलों के 955 केंद्रों पर हुई परीक्षा में रिकॉर्ड संख्या में अभ्यार्थी शामिल हुए थे। आयोग ने बताया कि बड़ी संख्या में अभ्यार्थियों के शामिल होने की वजह से उसे इस परीक्षा को तीन पालियों में संपन्न करवाना पड़ा था।
बुधवार को आए रिजल्ट में चयन आयोग के उपसचिव और पीआरओ डॉक्टर संजय सिंह ने पास हुए अभ्यार्थियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्तर यानी की कक्षा एक से पांच तक के लिए टीईटी परीक्षा में 7,13,648 अभ्यार्थी शामिल हुए थे। इसमें से 80.07 प्रतिशत लोग पास हुए हैं। इनकी संख्या 5,71,435 बनती है।
वहीं उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से आठ तक के लिए परीक्षा में 10,57,021 अभ्यार्थी शामिल हुए थे। इसमें से करीब 71.85 प्रतिशत अभ्यार्थी पास हुए हैं। इनकी संख्या करीब 7,59,513 बनती है। दोनों पेपरों में कुल मिलाकर करीब 13 लाख से ज्यादा अभ्यार्थी पास हुए हैं। यह सभी अब सुपर टेट देने के लिए पात्र हैं।
इसके अलावा इस परीक्षा में प्राथमिक स्तर के कुल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों भी शामिल हुए थे। इसमें से 76.29 फीसदी पास हो गए हैं। संख्या के हिसाब से देखें, तो यह आंकड़ा 93,387 पर पहुंचता है। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर के 1,46,394 अभ्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया था। इसमें से करीब 1,13,384 पास हुए हैं।


