UPTET 2026: OTR के जरिए ऐसे करें आवेदन, जानिए स्टेप बाइ स्टेप पूरा तरीका
यूपीटीईटी 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब उम्मीदवारों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है। पूरी प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और अहम जानकारी यहां विस्तार से पढ़ें।

उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए एक बेहद शानदार मौका है। पूरे चार साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने यूपी टीईटी (UPTET) 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया का शंखनाद कर दिया है। 27 मार्च 2026 से इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की खिड़की खुल चुकी है और उम्मीदवार upessc.up.gov.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। लेकिन इस बार आवेदन की प्रक्रिया में एक बहुत बड़ा और अहम बदलाव किया गया है, जिसके बारे में हर उम्मीदवार को जानना बेहद जरूरी है। यह बदलाव वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी ओटीआर (OTR) का है। अब किसी भी उम्मीदवार को यूपीटीईटी का फॉर्म भरने से पहले ओटीआर प्रक्रिया से गुजरना ही होगा। बिना इसके आप शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे। आइए, इस पूरी प्रक्रिया को बिल्कुल आसान तरीके से समझते हैं।
ओटीआर (OTR) क्या है और यह क्यों जरूरी है?
वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) का सीधा सा मतलब है कि आपको बार बार अपनी जानकारी किसी भी फॉर्म के लिए भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने उम्मीदवारों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए इस नई व्यवस्था को लागू किया है। एक बार जब आप अपना ओटीआर प्रोफाइल बना लेते हैं, तो आपका नाम, माता पिता का नाम, जन्मतिथि और शैक्षणिक योग्यता जैसी तमाम अहम जानकारियां आयोग के सर्वर पर सुरक्षित हो जाती हैं। इसके बाद जब भी आप यूपीटीईटी या आयोग की किसी अन्य परीक्षा के लिए फॉर्म भरेंगे, तो आपका ज्यादातर डेटा अपने आप फॉर्म में आ जाएगा। इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि फॉर्म भरते समय होने वाली गलतियों की गुंजाइश भी ना के बराबर रह जाएगी।
ओटीआर (OTR) करने का स्टेप बाय स्टेप पूरा तरीका
अगर आप सोच रहे हैं कि यह ओटीआर कैसे होगा, तो घबराने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। इसकी प्रक्रिया बहुत ही सीधी और सरल है:
1. सबसे पहले आपको आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाना होगा।
2. वेबसाइट के होमपेज पर आपको 'Apply Now' या 'OTR Apply' का लिंक नजर आएगा, जिस पर आपको क्लिक करना है।
3. इसके बाद 'New Candidate Registration' पर क्लिक करें। यहां आपको अपना नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि और जेंडर भरना होगा। इन सभी जानकारियों को दो बार दर्ज करना होगा ताकि कोई गलती न हो।
4. अपनी पहचान को वेरिफाई करने के लिए आप आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस का इस्तेमाल कर सकते हैं। अपना आधार नंबर डालकर खुद को वेरिफाई करें।
5. इसके बाद आपको अपना चालू मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करनी होगी। इन दोनों पर एक ओटीपी (OTP) आएगा, जिसे डालकर इन्हें भी वेरिफाई करना अनिवार्य है।
6. अब आपको कैमरे के सामने अपनी एक लाइव फोटो खींचकर अपलोड करनी होगी। ध्यान रहे, फोटो खींचते समय स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों (जैसे दाएं बाएं देखना) का पालन करें।
7. इसके बाद अपना एक मजबूत पासवर्ड बनाएं और एक सुरक्षा प्रश्न (Security Question) का चुनाव करके उसका जवाब सेव कर दें।
8. अंत में कैप्चा कोड डालकर 'Register and Proceed' पर क्लिक करें।
क्या होनी चाहिए शैक्षणिक योग्यता
शुरुआती रजिस्ट्रेशन के बाद आपको अपनी राष्ट्रीयता, वैवाहिक स्थिति, जन्म स्थान, शरीर का कोई पहचान चिह्न और अपनी आरक्षण कैटेगरी (जैसे General, OBC, SC, ST) का चुनाव करना होगा। अगर आप स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित हैं या भूतपूर्व सैनिक हैं, तो उसकी जानकारी भी यहां देनी होगी। इसके बाद आपको अपना पूरा पता (गांव, पोस्ट ऑफिस, जिला, राज्य) दर्ज करना होगा। पते के बाद सबसे अहम पड़ाव आता है एजुकेशन क्वालिफिकेशन का। यहां आपको अपनी हाई स्कूल (10वीं), इंटरमीडिएट (12वीं), ग्रेजुएशन, और बी.एड (B.Ed) या डी.एल.एड (D.El.Ed) की पूरी जानकारी भरनी होगी। किस बोर्ड या यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है, किस साल में पास किया है, रोल नंबर क्या था, और कितने प्रतिशत अंक मिले हैं, यह सब ध्यान से भरना होगा। यह सब सेव करने के बाद आपकी ओटीआर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और आपको आपका ओटीआर आईडी मिल जाएगा।
आवेदन की अहम तारीखें
यूपीटीईटी 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन 27 मार्च से शुरू हो चुके हैं और इसकी आखिरी तारीख 26 अप्रैल तय की गई है। इसके साथ ही आयोग ने परीक्षा की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है। यूपी टीईटी की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। आवेदन शुल्क की बात करें तो अनारक्षित (General), ओबीसी (OBC) और ईडब्ल्यूएस (EWS) वर्ग के उम्मीदवारों को 1000 रुपये की फीस जमा करनी होगी। वहीं, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 500 रुपये रखा गया है। आवेदन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 10वीं, 12वीं और ग्रेजुएशन की मार्कशीट, ट्रेनिंग सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर जैसे दस्तावेज स्कैन करके अपने पास तैयार रखें।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


