UPTET 2026: यूपीटीईटी पास करने के लिए कितने नंबर है जरूरी? जानें एग्जाम पैटर्न और मार्किंग स्कीम
UPTET Exam 2026: यूपीटीईटी 2026 को पास करने के लिए सामान्य वर्ग को 60% (90 अंक) और ओबीसी, एससी, एसटी व ईडब्ल्यूएस वर्ग को 55% (82 अंक) लाने होंगे। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।

UPTET Qualifying Marks 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) का आयोजन 2 जुलाई से 4 जुलाई 2026 के बीच राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर ऑफलाइन (पेन-पेपर) मोड में किया जाएगा। यूपी टीईटी परीक्षा में शामिल होने से पहले सभी अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का सटीक पैटर्न, मार्किंग स्कीम और अपनी कैटेगरी के अनुसार न्यूनतम क्वालिफाइंग मार्क्स को जान लेना बेहद जरूरी है। इस परीक्षा को पास करने के बाद ही उम्मीदवारों को आजीवन पात्रता सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
पास होने के लिए किस कैटेगरी को चाहिए कितने नंबर?
यूपीटीईटी परीक्षा को पास करने के लिए श्रेणी-वार (Category-Wise) अलग-अलग न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं:
सामान्य वर्ग (General): सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को पात्रता प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए कुल 150 अंकों में से न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक यानी 90 अंक प्राप्त करने होंगे। इसका मतलब है कि परीक्षा में कम से कम 90 प्रश्नों का सही उत्तर देना अनिवार्य है।
आरक्षित वर्ग (OBC, SC, ST, EWS): अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), स्वतंत्रता सेनानी आश्रित, भूतपूर्व सैनिक और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक तय किए गए हैं। इन्हें पास होने के लिए 150 में से कम से कम 82 अंक (82 सही सवाल) लाने होंगे।
प्रश्नों की संख्या 150 होगी, प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा। परीक्षा की अवधि ढाई घण्टा यानी कुल 150 मिनट होगी। प्रश्न पत्र का माध्यम 'हिन्दी' तथा 'अंग्रेजी' होगा, भाषा के विषयों को छोड़कर।
क्या परीक्षा में होगी नेगेटिव मार्किंग?
यूपीटीईटी 2026 की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि इस परीक्षा में किसी भी तरह की नेगेटिव मार्किंग नहीं है। परीक्षा में पूछे जाने वाले सभी प्रश्न बहुविकल्पीय (MCQs) प्रकार के होंगे, जिसमें प्रत्येक सही उत्तर के लिए चार विकल्प दिए जाएंगे और उम्मीदवारों को सही विकल्प का चयन करना होगा। गलत उत्तर होने पर कोई नंबर नहीं काटा जाएगा।
समझें पेपर-1 और पेपर-2 का पूरा एग्जाम पैटर्न
पेपर-1 (प्राथमिक स्तर - कक्षा 1 से 5): इसमें कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और कुल अंक भी 150 होंगे। इसमें बाल विकास एवं शिक्षण विधि (30 प्रश्न/30 अंक), प्रथम भाषा हिंदी (30 प्रश्न/30 अंक), द्वितीय भाषा अंग्रेजी/उर्दू/संस्कृत में से कोई एक (30 प्रश्न/30 अंक), गणित (30 प्रश्न/30 अंक) और पर्यावरणीय अध्ययन (30 प्रश्न/30 अंक) शामिल हैं। ये सभी विषय अनिवार्य हैं।
पेपर-2 (उच्च प्राथमिक स्तर - कक्षा 6 से 8): इसमें भी 150 प्रश्न (150 अंक) होंगे। बाल विकास (30 प्रश्न), हिंदी (30 प्रश्न) और दूसरी भाषा (30 प्रश्न) के अलावा, उम्मीदवारों को उनके मुख्य विषय के 60 प्रश्न हल करने होंगे। इसमें गणित एवं विज्ञान के शिक्षकों के लिए गणित/विज्ञान के 60 प्रश्न या सामाजिक अध्ययन के शिक्षकों के लिए सामाजिक विज्ञान के 60 प्रश्न पूछे जाएंगे।
दो शिफ्टों में होगी परीक्षा: जानें पेपर 1 और पेपर 2 का शेड्यूल
यूपीटीईटी 2026 की परीक्षा दो अलग-अलग स्तरों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसके लिए निर्धारित समय और शिफ्ट की टाइमिंग इस प्रकार है:
पेपर 1 (प्राथमिक स्तर - कक्षा 1 से 5): प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक बनने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए यह परीक्षा सुबह की शिफ्ट में 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
पेपर 2 (उच्च प्राथमिक स्तर - कक्षा 6 से 8): जूनियर हाईस्कूलों के लिए होने वाली यह परीक्षा दोपहर की शिफ्ट में 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी।


