UPSSSC PET 2026: यूपी पीईटी परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी जारी, ऐसे करें चेक
आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष चंद्र प्रजापति की ओर से जारी सूचना के अनुसार पीईटी 2026 की लिखित परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 60 जिलों में किया जा रहा है। परीक्षा 25 व 30 अक्टूबर व एक नवंबर को दो-दो पालियों में होगी।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 (पीईटी ) के लिए अभ्यर्थियों की एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी है। ऐसे में जिन लोगों ने यूपी पीईटी 2026 के लिए आवेदन किया है, अब वो आयोग की वेबसाइट upsssc.gov.in या मोबाइल ऐप पर जाकर अपना एग्जाम सिटी स्लिप देख सकते हैं। आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष चंद्र प्रजापति की ओर से जारी सूचना के अनुसार पीईटी 2026 की लिखित परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 60 जिलों में किया जा रहा है। परीक्षा 25 व 30 अक्टूबर व एक नवंबर को दो-दो पालियों में होगी। आयोग ने साफ किया है कि यह केवल परीक्षा शहर की अग्रिम सूचना है, इसे प्रवेश पत्र न समझा जाए। एडमिट कार्ड एग्जाम से कुछ दिन पहले जारी किया जा सकता है।
यूपी पीईटी 2026 एग्जाम सिटी स्लिप ऐसे करें चेक
1. उम्मीदवार सबसे पहले उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाएं।
2. यहां वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए 'Examination Segment' विकल्प पर क्लिक करें।
3. इसके बाद PET-2026 से संबंधित परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना वाले लिंक पर क्लिक करें।
4. मांगी गई आवश्यक जानकारियां (जैसे रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि) दर्ज करके सबमिट करें।
5. स्क्रीन पर आपका परीक्षा जिला प्रदर्शित हो जाएगा, जिसे आप डाउनलोड या प्रिंट भी कर सकते हैं।
यूपी पीईटी 2026 एग्जाम सिटी स्लिप देखने के लिए डायरेक्ट लिंक-
https://upsssc.gov.in/upssscadvdistinti/AdmitCard_wc.aspx?ID=P&L=ac
तीन दिनों में होगी परीक्षा
बता दें कि यूपी पीईटी परीक्षा का आयोजन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को किया जाएगा। यानी परीक्षा महज 3 दिन आयोजित होगी।
कब जारी होगा यूपी पीईटी 2026 एडमिट कार्ड
यूपी पीईटी परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर एग्जाम से करीब 3 से 4 दिन पहले जारी किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि वह आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें ताकि उन्हें इससे संबंधित नवीनतम अपडेट मिल सकें।
परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया
पीईटी परीक्षा ऑफलाइन माध्यम (OMR Sheet आधारित) से आयोजित की जाती है। परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 100 अंक निर्धारित हैं। परीक्षा को हल करने के लिए अभ्यर्थियों को 2 घंटे (120 मिनट) का समय दिया जाएगा।परीक्षा में 1/4 (0.25 अंक) की नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान है, यानी हर गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक काट लिया जाएगा।
सिलेबस: परीक्षा में भारतीय इतिहास, भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल, भारतीय अर्थव्यवस्था, भारतीय संविधान, सामान्य विज्ञान, प्रारंभिक गणित, सामान्य हिंदी, रीजनिंग, करेंट अफेयर्स और जनरल अवेयरनेस से जुड़े प्रश्न पूछे जाते हैं।
यूपी पीईटी स्कोर 3 साल के लिए वैलिड रहेगा
यूपी पीईटी स्कोर 3 साल के लिए वैलिड रहेगा। इस भर्ती परीक्षा के जरिए उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में खाली पड़े ग्रुप सी लेवल के हजारों पदों को भरा जाएगा। सबसे पहले प्रारंभिक अर्हता परीक्षा ( पीईटी ) होगी और इसके बाद भर्तियों के संबंध में विज्ञापन निकाल कर आयोग आवेदन लेगा। पीईटी स्कोर के आधार पर अलग-अलग भर्तियों में अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा/स्किल टेस्ट/शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में लेखपाल, जूनियर असिस्टेंट, ग्राम विकास अधिकारी (VDO) जैसे कई प्रमुख पदों की भर्तियों में बैठने के लिए PET का स्कोरकार्ड बेहद जरूरी होता है।

