UPSSSC ने निकाली फायरमैन पदों पर भर्ती, यूपी बोर्ड से 12वीं पास वालों के लिए शानदार मौका
UPSSSC ने 170 फायरमैन और विधान भवन रक्षक पोस्ट के आवेदन के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया है। वैलिड PET 2025 स्कोर वाले 12वीं पास कैंडिडेट upsssc.gov.in पर ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं।

अगर आप उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं और वर्दी पहनकर देश और राज्य की सेवा करने का जज्बा रखते हैं तो आपके लिए एक बेहद शानदार खबर है। लंबे वक्त से जिस भर्ती का यूपी के नौजवान बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उसका रास्ता अब पूरी तरह से साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर एक नया और अहम नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह भर्ती विधान भवन रक्षक और अग्निरक्षक (फायरमैन) के 170 पदों के लिए निकाली गई है। वो युवा जो 12वीं पास कर चुके हैं और सरकारी महकमे में अपना मजबूत करियर बनाना चाहते हैं उनके लिए यह यकीनन एक सुनहरा मौका है। अक्सर देखा जाता है कि जानकारी की कमी या फॉर्म भरने में हुई छोटी सी चूक की वजह से कई काबिल उम्मीदवार पीछे रह जाते हैं। इसलिए, आइए इस भर्ती से जुड़ी हर एक छोटी-बड़ी जानकारी पूरी तफसील से जानते हैं।
पदों का पूरा ब्यौरा
इस बार आयोग ने कुल 170 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती का फैसला लिया है। इन पदों को दो हिस्सों में बांटा गया है, जो इस तरह हैं:
- विधान भवन रक्षक (Council House Guard): 120 पद
- विधान भवन अग्निरक्षक / फायरमैन (Fire Guard): 50 पद
तारीखों का रखें खास खयाल
किसी भी भर्ती में सबसे जरूरी होता है सही समय पर अपना फॉर्म जमा करना। कई बार आखिरी दिनों में वेबसाइट का सर्वर डाउन हो जाता है, इसलिए बेहतर यही है कि आप समय रहते अपनी अर्जी दाखिल कर दें -
- भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख: 10 अप्रैल 2026
- ऑनलाइन फॉर्म भरने की शुरुआत: 9 जून 2026
- फॉर्म भरने की आखिरी तारीख: 29 जून 2026
- फॉर्म में किसी भी तरह के सुधार की आखिरी तारीख: 6 जुलाई 2026
कौन कर सकता है अप्लाई?
सरकारी नौकरी का फॉर्म भरने से पहले यह जानना बहुत जरूरी है कि आप इसके लिए योग्य हैं या नहीं। UPSSSC ने इसके लिए कुछ बेहद साफ नियम तय किए हैं -
1. शैक्षिक योग्यता : उम्मीदवार का उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (U.P. Board) से 12वीं (इंटरमीडिएट) पास होना लाजमी है। अगर आपने सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त किसी अन्य बोर्ड से भी इसके बराबर की परीक्षा पास की है, तो आप पूरी तरह से योग्य माने जाएंगे।
2. PET-2025 का स्कोरकार्ड: यह इस भर्ती की सबसे अहम शर्त है। सिर्फ वही उम्मीदवार इस भर्ती में शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) दी हो और उनके पास आयोग द्वारा जारी किया गया एक वैलिड स्कोर कार्ड मौजूद हो।
3. अतिरिक्त फायदा : अगर किसी उम्मीदवार ने टेरिटोरियल आर्मी में कम से कम 2 साल अपनी सेवाएं दी हैं, या फिर उसके पास NCC का 'B' सर्टिफिकेट है, तो चयन के वक्त बाकी चीजें समान होने पर उसे प्राथमिकता दी जाएगी।
उम्र की सीमा
उम्र की गिनती 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। इसके लिए न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम उम्र 40 साल निर्धारित है। सरकारी नियमों के मुताबिक एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को उम्र सीमा में छूट भी दी जाएगी।
फॉर्म भरने की फीस
UPSSSC ने इस भर्ती के लिए फॉर्म भरने की फीस को बेहद कम रखा है, ताकि किसी भी वर्ग के छात्र पर आर्थिक बोझ न पड़े। जनरल / ओबीसी / EWS वालों के लिए 25 रुपये, एससी / एसटी वालों के लिए भी 25 रुपये और दिव्यांग (PH) कैंडिडेट्स के लिए भी 25 रुपये निर्धारित है। फीस का भुगतान आपको ऑनलाइन मोड (डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई) के जरिए ही करना होगा।
सैलरी कितनी मिलेगी?
सरकारी नौकरी में रुतबे के साथ-साथ एक अच्छी तनख्वाह की भी दरकार होती है। इस पद पर चुने गए उम्मीदवारों को 'पे लेवल-3' के तहत सैलरी दी जाएगी। न्यूनतम बेसिक सैलरी 21,700 रुपये हर महीने होगी। अधिकतम सैलरी 69,100 रुपये हर महीने निर्धारित की गई है। इसके अलावा सरकार की तरफ से मिलने वाले तमाम भत्ते (जैसे महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता आदि) भी नियमों के मुताबिक दिए जाएंगे।
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
नौकरी पक्की करने का सफर चार अहम पड़ावों से होकर गुजरेगा -
1. शॉर्टलिस्टिंग: सबसे पहले उम्मीदवारों को उनके PET-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
2. मुख्य लिखित परीक्षा: यह परीक्षा ऑब्जेक्टिव टाइप होगी। 100 नंबर के इस पेपर को हल करने के लिए आपको 120 मिनट यानी 2 घंटे का वक्त मिलेगा।
3. फिजिकल टेस्ट: जो लोग लिखित परीक्षा पास कर लेंगे, उन्हें शारीरिक माप तौल परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। याद रहे, यह सिर्फ क्वालीफाइंग नेचर की परीक्षा है, इसके नंबर मेरिट में नहीं जुड़ेंगे।
4. डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन: आखिर में आपके सभी जरूरी कागजातों की जांच की जाएगी।
ऑनलाइन फॉर्म कैसे भरें?
अगर आप सारी शर्तें पूरी करते हैं, तो आवेदन करने का तरीका बेहद सीधा और आसान है -
- सबसे पहले UPSSSC की ऑफिशियल वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाएं।
- वहां अपने 'PET-2025' के रजिस्ट्रेशन नंबर और ओटीपी के जरिए लॉग-इन करें।
- आपके सामने फॉर्म खुल जाएगा। अपनी निजी जानकारी, पढ़ाई-लिखाई का ब्यौरा और पदों की प्रेफरेंस ध्यान से भरें।
- चूंकि आपने PET की परीक्षा दी है, इसलिए आपकी फोटो और सिग्नेचर सिस्टम खुद ही उठा लेगा।
- सारी जानकारी जांचने के बाद 25 रुपये की प्रोसेसिंग फीस ऑनलाइन जमा करें।
- पेमेंट कन्फर्म होने के बाद अपने फॉर्म को फाइनल सबमिट करें और भविष्य के लिए इसका एक प्रिंटआउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें।
कुछ जरूरी बातें जिनका ध्यान रखना है
एक बात गांठ बांध लें कि हर उम्मीदवार सिर्फ एक ही फॉर्म भर सकता है। अगर आप एक से ज्यादा फॉर्म भरेंगे, तो आयोग आपकी अर्जी खारिज कर देगा। इसके साथ ही, अपने सभी जरूरी सर्टिफिकेट और मार्कशीट 29 जून 2026 से पहले तैयार रखें।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


