एक बार नहीं, 4 बार यूपीएससी क्रैक किया; हर कोशिश में बढ़ी रैंक, 31वीं रैंक के बाद भी नहीं लिया आईएएस

लाइव हिन्दुस्तान
share

दिल्ली की श्रेया त्यागी ने चार बार यूपीएससी पास कर ऑल इंडिया रैंक 31 हासिल की। फिर भी उन्होंने आईएएस छोड़कर अपने सपने आईएफएस को चुना।

upsc success story shreya tyagi cleared upsc civil services exam four times air 31 ias left ifs chosen
आईएफएस श्रेया त्यागी

किसी के लिए यूपीएससी की परीक्षा में एक बार कामयाबी हासिल करना ही जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक हो सकता है लेकिन श्रेया त्यागी की कहानी इससे कहीं आगे की है। उन्होंने देश की सबसे मुश्किल प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा को एक-दो नहीं, बल्कि लगातार चार बार पास किया। खास बात यह रही कि हर कोशिश के साथ उन्होंने अपनी रैंक में जबरदस्त सुधार किया। पहली बार रिजर्व लिस्ट में जगह बनाने वाली श्रेया ने चौथी कोशिश में ऑल इंडिया रैंक 31 हासिल कर यह साबित कर दिया कि अगर मंजिल साफ हो तो बार-बार कोशिश करने का जज्बा इंसान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।

हर साल लाखों युवा यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा के लिए आवेदन करते हैं। इनमें से चुनिंदा अभ्यर्थी ही आखिरकार भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, भारतीय विदेश सेवा समेत दूसरी केंद्रीय सेवाओं तक पहुंच पाते हैं। श्रेया त्यागी भी इसी मुश्किल सफर का हिस्सा रहीं, लेकिन उनकी खासियत यह रही कि एक सेवा मिलने के बाद भी उन्होंने अपने असली लक्ष्य को नहीं छोड़ा।

पहली कोशिश में रिजर्व लिस्ट

श्रेया त्यागी ने साल 2021 में पहली बार यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा दी। पहली ही कोशिश में उन्होंने रिजर्व लिस्ट में चौथा स्थान हासिल किया। इसके बाद उनका चयन इंडियन ट्रेड सर्विस में हुआ और वह वाणिज्य विभाग से जुड़ गईं। जहां कई अभ्यर्थी पहली सफलता के बाद अपनी मंजिल पा लेने का एहसास करते हैं, वहीं श्रेया के मन में अभी कुछ और हासिल करने की चाह थी। उन्होंने अगले ही साल एक बार फिर परीक्षा देने का फैसला किया।

दूसरी कोशिश में 319वीं रैंक

साल 2022 में श्रेया ने दोबारा UPSC परीक्षा दी। इस बार उन्होंने अपनी रैंक में काफी सुधार करते हुए 319वीं रैंक हासिल की। इस रैंक के साथ उनका चयन इंडियन डिफेंस अकाउंट्स सर्विस में हुआ। लेकिन श्रेया अभी भी अपने मन की मंजिल तक नहीं पहुंची थीं। उन्होंने एक बार फिर तैयारी जारी रखी और अगले साल फिर परीक्षा में बैठीं।

तीसरी कोशिश में 123वीं रैंक

साल 2023 की यूपीएससी परीक्षा में श्रेया ने अपनी रैंक को और बेहतर किया। इस बार उन्होंने 123वीं रैंक हासिल की और इंडियन रेवेन्यू सर्विस यानी आईआरएस में चयनित हुईं। इसके बाद उन्हें आयकर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के तौर पर नागपुर में तैनाती मिली। लगातार तीन बार UPSC पास करने के बाद भी श्रेया ने अपने लक्ष्य को लेकर समझौता नहीं किया। उनकी नजर अब उस सेवा पर थी, जिसमें वह वास्तव में अपना करियर बनाना चाहती थीं।

चौथी बार रैंक 31

श्रेया ने चौथी बार UPSC सिविल सर्विसेज परीक्षा में हिस्सा लिया और इस बार उनकी मेहनत ने उन्हें और बड़ी कामयाबी दिलाई। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 31 हासिल की। उनके मेन्स में 806 अंक और इंटरव्यू में 201 अंक आए। दोनों को मिलाकर उनका कुल स्कोर 1,007 रहा। इस शानदार प्रदर्शन के बाद उनके सामने कई प्रतिष्ठित सेवाओं में जाने का रास्ता खुल गया। लेकिन यहां भी श्रेया ने वही रास्ता चुना, जिसके लिए उनके मन में लंबे समय से एक खास लगाव था।

आईएएस छोड़कर आईएफएस को क्यों चुना?

इतनी अच्छी रैंक हासिल करने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही था कि श्रेया ने आईएएस की जगह आईएफएस यानी इंडियन फॉरेन सर्विस को क्यों चुना? इसका जवाब उनके बचपन और पढ़ाई से जुड़ा है। श्रेया के पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में नौकरी करते थे। नौकरी की वजह से परिवार को अलग-अलग शहरों में रहना पड़ा। श्रेया के बचपन का एक हिस्सा बहरीन में भी गुजरा, जहां उन्होंने दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई पूरी की। विदेश में रहने के दौरान उन्हें अलग-अलग देशों, संस्कृतियों और उनके आपसी रिश्तों को करीब से समझने का मौका मिला। इसी दौरान अंतरराष्ट्रीय संबंधों और कूटनीति को लेकर उनके भीतर दिलचस्पी पैदा हुई। यही रुचि आगे चलकर उनके करियर के फैसले में भी दिखाई दी।

दिल्ली यूनिवर्सिटी से जेएनयू तक की पढ़ाई

भारत लौटने के बाद श्रेया ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के कमला नेहरू कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी यानी जेएनयू से इंटरनेशनल रिलेशंस में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। उन्होंने कॉन्फ्लिक्ट ट्रांसफॉर्मेशन एंड पीस बिल्डिंग में डिप्लोमा भी किया। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि से साफ नजर आता है कि अंतरराष्ट्रीय मामलों और कूटनीति में उनकी दिलचस्पी कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि यह रुचि लंबे समय से उनके साथ रही।

बचपन से ही आईएफएस की तरफ था झुकाव

श्रेया के मुताबिक, आईएएस और आईपीएस जैसी सेवाएं अपनी जगह बेहद महत्वपूर्ण हैं लेकिन उनका व्यक्तिगत झुकाव हमेशा आईएफएस की ओर रहा। अंतरराष्ट्रीय संबंधों, कूटनीति और वैश्विक मुद्दों में उनकी दिलचस्पी ने उन्हें इस सेवा की तरफ खींचा। यही वजह रही कि चौथी कोशिश में शानदार रैंक हासिल करने के बाद भी उन्होंने अपने मन की सेवा को प्राथमिकता दी। उनके लिए सिर्फ ऊंची रैंक हासिल करना मकसद नहीं था, बल्कि उस करियर को चुनना भी जरूरी था जिसमें उनकी वास्तविक रुचि थी।

रोज 8-9 घंटे पढ़ाई, शौक के लिए भी वक्त

यूपीएससी की तैयारी के दौरान श्रेया ने पढ़ाई में निरंतरता पर जोर दिया। उनकी दिनचर्या में रोजाना करीब आठ से नौ घंटे की पढ़ाई शामिल रही। इसके अलावा नियमित मॉक टेस्ट के जरिए उन्होंने अपनी तैयारी को परखा और कमियों को दूर करने की कोशिश की। हालांकि लंबे समय तक पढ़ाई करने के बावजूद उन्होंने खुद को सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रखा। कुकिंग और ट्रैवलिंग जैसे शौक भी उनकी जिंदगी का हिस्सा रहे। उनका सफर यह दिखाता है कि लंबे और मुश्किल एग्जाम की तैयारी के दौरान पढ़ाई के साथ खुद को तरोताजा रखना भी जरूरी है।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsकरियर न्यूज़4 बार यूपीएससी क्रैक किया, 31वीं रैंक के बाद भी नहीं लिया आईएएस