UPSC Success Story: प्यार में मिला धोखा, तो गर्लफ्रेंड से कहा- 'एक दिन IAS बनूंगा'; आदित्य पांडे की फिल्मी कहानी

By Prachi
लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

IAS Success Story: आदित्य पांडे ने प्यार में मिले धोखे और शुरुआती असफलताओं को मात देकर बिना किसी महंगी कोचिंग के अपने तीसरे प्रयास में यूपीएससी परीक्षा क्रैक की और ऑल इंडिया 48वीं रैंक हासिल की।

ias aditya pandey success story

UPSC Success Story of Aditya Pandey: कहते हैं कि अगर मन में कुछ कर गुजरने की सच्ची जिद हो, तो इंसान का बुरा वक्त और उसकी नाकामियां भी उसकी सफलता की सबसे बड़ी सीढ़ी बन जाती हैं। यूपीएससी (UPSC) की परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है, जहां हर साल लाखों छात्र दिन-रात एक करते हैं। लेकिन बिहार की राजधानी पटना के रहने वाले आदित्य पांडे की कहानी किसी बॉलीवुड फिल्म की स्क्रिप्ट जैसी है। बचपन में पढ़ाई से दूर भागने और शरारतों के लिए मशहूर रहे आदित्य ने न सिर्फ प्यार में मिले धोखे को अपनी ताकत बनाया, बल्कि समाज के तानों को पीछे छोड़ते हुए बिना किसी महंगी कोचिंग के अपने तीसरे प्रयास में ऑल इंडिया 48वीं रैंक हासिल कर आईएएस (IAS) बनने का सपना सच कर दिखाया।

बचपन की शरारतें और शिक्षक का वह चैलेंज

तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटे आदित्य अपने परिवार में सबसे लाडले और शरारती थे। शुरुआत में उनका मन पढ़ाई में बिल्कुल नहीं लगता था। उनकी शरारतों से परेशान होकर स्कूल के एक शिक्षक ने तो उनके पिता से मजाक में यहां तक कह दिया था कि “अगर यह लड़का लाइफ में कभी सफल हो गया, तो मैं अपनी मूंछें मुंडवा दूंगा।”

बेटे को सुधरने का मौका देने के लिए उनके पिता ने उन्हें पढ़ाई के लिए गुजरात के जामनगर अपनी बहन के पास भेज दिया। वहां जाकर आदित्य की पढ़ाई में काफी सुधार हुआ और उन्होंने 8वीं व 9वीं कक्षा में अपनी क्लास में टॉप किया। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब 10वीं क्लास में उनकी जिंदगी में एक गर्लफ्रेंड की एंट्री हुई। प्यार के चक्कर में उनका ध्यान पढ़ाई से पूरी तरह भटक गया और हाईस्कूल का रिजल्ट उनकी उम्मीद से बेहद खराब आया। बेटे को रास्ते से भटकता देख पिता ने उन्हें तुरंत वापस पटना बुला लिया।

दिल टूटा तो खाई कसम: 'एक दिन IAS बनकर दिखाऊंगा'

12वीं पास करने के बाद आदित्य इंग्लिश लिटरेचर की पढ़ाई करना चाहते थे, लेकिन पिता की इच्छा का सम्मान करते हुए उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग में दाखिला ले लिया। कॉलेज के दिन सामान्य चल रहे थे, लेकिन इसी बीच उनकी बचपन की गर्लफ्रेंड से उनका ब्रेकअप हो गया। प्यार में मिले इस धोखे ने उन्हें अंदर से झकझोर कर रख दिया। वह बुरी तरह टूट चुके थे। इसी दुख, हताशा और गुस्से के बीच उन्होंने अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड से एक बड़ी बात कही थी कि "तुम देखना, मैं एक दिन देश का सबसे बड़ा अफसर यानी IAS अधिकारी बनकर दिखाऊंगा।"

इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने IIT रूड़की से एमबीए किया। इसके बाद कॉर्पोरेट सेक्टर में आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक में करीब 16 महीने तक नौकरी भी की, लेकिन उनका लक्ष्य तय हो चुका था। जनवरी 2020 में उन्होंने नौकरी से इस्तीफा दे दिया और पूरी तरह यूपीएससी की तैयारी में डूब गए।

दो बार मिली करारी हार, फिर सेल्फ स्टडी से पलटी बाजी

UPSC की डगर इतनी आसान नहीं होती। शुरुआती दो प्रयासों साल 2021 और 2022 में आदित्य को प्रीलिम्स परीक्षा में ही असफलता का सामना करना पड़ा। एक बार वह महज 2.5 नंबर से फेल हो गए थे। नौकरी छोड़ने के बाद जब लगातार दो बार सिलेक्शन नहीं हुआ, तो आसपास के लोगों ने उन पर उंगलियां उठानी शुरू कर दीं, जिससे उनका आत्मविश्वास डगमगाने लगा।

लेकिन आदित्य ने हार नहीं मानी। उन्होंने किसी बड़ी या नामी कोचिंग के पीछे भागने के बजाय घर पर रहकर सेल्फ स्टडी पर भरोसा किया। फिलॉसफी को अपना ऑप्शनल सब्जेक्ट चुनकर उन्होंने इंटरनेट और ऑनलाइन स्टडी मटेरियल का सही उपयोग किया। उन्होंने लगातार 6 से 8 घंटे पढ़ाई की, रोज आंसर राइटिंग की जमकर प्रैक्टिस की और अपने स्ट्रेस को दूर करने के लिए हमेशा रामकथा और राम भजन सुनते थे।

आखिरकार, उनकी यह अटूट तपस्या रंग लाई और अपने तीसरे प्रयास में उन्होंने देश भर में 48वीं रैंक हासिल कर इतिहास रच दिया। आदित्य की यह कहानी देश के हर उस छात्र के लिए एक बहुत बड़ी प्रेरणा है जो छोटी-मोटी असफलताओं या दिल टूटने के बाद जिंदगी से हार मान लेते हैं।

Prachi

लेखक के बारे में

Prachi

शॉर्ट बायो: प्राची लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। पिछले 2 वर्षों से वे करियर, शिक्षा और सरकारी नौकरियों से जुड़े विषयों पर लिख रही हैं। मुश्किल खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेषता है। वे 2024 से लाइव हिन्दुस्तान की करियर टीम का हिस्सा हैं।

अनुभव और करियर का सफर
प्राची ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत 'नन्ही खबर' से की थी, जहां उन्होंने जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा। इसके बाद, उन्होंने 'सी.वाई. फ्यूचर लिमिटेड' और 'कुटुंब' जैसे प्लेटफॉर्म्स पर बतौर कंटेंट राइटर काम करते हुए अपनी लेखनी और रिसर्च स्किल्स को निखारा। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने के बाद, वे करियर डेस्क पर सक्रिय हैं और छात्रों के लिए करियर विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, जॉब और प्रतियोगी परीक्षाओं की बारीकियों को कवर कर रही हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि
प्राची ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) से इंग्लिश जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा किया है। उनकी शैक्षणिक नींव दिल्ली यूनिवर्सिटी से है, जहां से उन्होंने इतिहास में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इतिहास की अच्छी जानकारी होने के कारण, वे आज की खबरों को बेहतर तरीके से समझ और समझा पाती हैं। यही वजह है कि उनके लेखों में जानकारी पूरी तरह सटीक और अधिक भरोसेमंद होती है।

विजन
प्राची का मानना है कि करियर चुनना केवल एक नौकरी पाना नहीं, बल्कि सही दिशा में अपना भविष्य सुरक्षित करना है। उनका उद्देश्य है कि हर छात्र और अभ्यर्थी तक बिना किसी भ्रम के, सटीक और सही समय पर जानकारी पहुंचे। वे पारदर्शिता और विश्वसनीयता को डिजिटल पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत मानती हैं।

रुचियां
इतिहास की समझ और पत्रकारिता के जुनून के साथ, प्राची को खाली समय में उपन्यास पढ़ना और विश्व सिनेमा देखना पसंद है, जो उनके लेखन में एक नया दृष्टिकोण जोड़ता है।

विशेषज्ञता
बोर्ड परीक्षा अपडेट्स और रिजल्ट एनालिसिस
करियर काउंसलिंग और नए जमाने के कोर्सेज
सरकारी और प्राइवेट सेक्टर में जॉब अपडेट
एडमिशन प्रक्रिया और कॉम्पिटिटिव एग्जाम गाइडेंस
छात्रों के लिए सॉफ्ट स्किल्स और मोटिवेशनल स्टोरीज
छात्रों के लिए JEE, NEET, UPSC जैसी परीक्षा की तैयारी के लिए टिप्स

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।