
UPSC की बड़ी सौगात, इन उम्मीदवारों को अब मिलेगा मनपसंद परीक्षा केंद्र
UPSC News : यूपीएससी का यह बदलाव दिव्यांग उम्मीदवारों की सुविधा, सम्मान और समान अवसर की दिशा में बड़ी पहल है। अब कोई भी दिव्यांग अभ्यर्थी अपनी पसंद का परीक्षा केंद्र पाने से वंचित नहीं होगा।
UPSC News : देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाएं देने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए UPSC ने आज एक ऐसा फैसला सुनाया है, जो उनकी तैयारी, यात्रा और परीक्षा अनुभव तीनों को बेहद आसान बना देगा। दिव्यांग उम्मीदवारों की सालों से चली आ रही दिक्कत आसान होने वाली है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अपने घर से दूर सेंटर चुनने पर मजबूर होना पड़ता था, मगर अब इतिहास बनने जा रही है। UPSC ने साफ कर दिया है कि अब हर दिव्यांग उम्मीदवार को उसका पसंदीदा परीक्षा केंद्र हर हाल में मिलेगा, चाहे वह केंद्र पहले ही फुल क्यों न हो गया हो।
UPSC ने क्यों लिया यह निर्णय
पिछले पांच सालों के परीक्षा केंद्र आवंटन के पैटर्न का अध्ययन करने पर UPSC को पता चला कि दिल्ली, पटना, लखनऊ और कटक जैसे लोकप्रिय केंद्र शुरुआत में ही भर जाते हैं। इस वजह से दिव्यांग उम्मीदवारों को अक्सर ऐसे केंद्र चुनने पड़ते थे जो न तो सुगम होते थे और न ही उनके लिए सुविधाजनक।
UPSC चेयरमैन अजय कुमार ने कहा, “यह स्थिति दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए कई तरह की चुनौतियां पैदा करती थी। अब हर दिव्यांग उम्मीदवार को उसका मनपसंद सेंटर मिलेगा, ताकि परीक्षा देना उनके लिए सहज और सम्मानजनक अनुभव बने।”
कमिशन ने माना कि यात्रा, पहुंच और सुविधा से जुड़ी कठिनाइयां दिव्यांग अभ्यर्थियों पर असमान रूप से असर डालती हैं। इसलिए यह बदलाव बराबरी, सहजता और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में एक जरूरी कदम है।
नई सेंटर आवंटन व्यवस्था कैसे काम करेगी
UPSC ने केंद्र आवंटन का एक नया क्रम तैयार किया है, जिसमें शुरू में दिव्यांग और गैर-दिव्यांग दोनों को सामान्य रूप से केंद्र चुनने की अनुमति होगी। किसी केंद्र की क्षमता भरते ही वह गैर-दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए बंद हो जाएगा। लेकिन दिव्यांग उम्मीदवार उसी केंद्र को अंत तक चुन सकेंगे, चाहे क्षमता पूरी क्यों न हो चुकी हो। UPSC ने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त इंतजाम और क्षमता बढ़ाने के उपाय तुरंत किए जाएंगे, ताकि किसी भी दिव्यांग उम्मीदवार को उसका पसंदीदा विकल्प देने में बाधा न आए। यह व्यवस्था परीक्षा प्रणाली को संतुलित भी रखेगी और दिव्यांग उम्मीदवारों के अधिकारों का पूरा सम्मान भी करेगी।





