UPSC NDA Topper : यूपी के पार्थ ने एनडीए परीक्षा में देश भर में किया टॉप, नवोदय व सैन्य स्कूल से की पढ़ाई
UPSC NDA Topper : यूपी में बलिया जिले के रहने वाले पार्थ कुमार तिवारी ने यूपीएससी एनडीए परीक्षा में ऑल इंडिया पहली रैंक हासिल की है। पार्थ की शुरुआती शिक्षा कर्नाटक से हुई है।

यूपी में बलिया जिले के रहने वाले पार्थ कुमार तिवारी ने देश की प्रतिष्ठित यूपीएससी एनडीए (NDA) परीक्षा में ऑल इंडिया पहली रैंक (Rank 1) हासिल की है। पार्थ की शुरुआती शिक्षा कर्नाटक से हुई है लेकिन वह मूल रूप से बलिया जिले के रसड़ा तहसील क्षेत्र में जकरिया गांव के निवासी हैं। पार्थ वर्तमान में देहरादून के मिलिट्री कॉलेज में 12वीं क्लास की पढ़ाई कर रहे हैं। उनके पिता सैनिक स्कूल के रिटायर शिक्षक हैं। मां भी प्राइवेट टीचर हैं। लिखित परीक्षा और कड़े साक्षात्कार के बाद आई इस सफलता से उनके पैतृक गांव में जश्न का माहौल है। अब पार्थ पुणे में अपना सैन्य प्रशिक्षण और स्नातक की पढ़ाई शुरू करेंगे ताकि वे देश सेवा के अपने सपने को साकार कर सकें।
कुल 742 अभ्यर्थी सफल
एनडीए परीक्षा में कुल 742 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनमें 651 पुरुष और 91 महिला उम्मीदवार हैं। यह परिणाम 14 सितंबर 2025 को हुई लिखित परीक्षा और उसके बाद सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) की ओर से आयोजित इंटरव्यू के आधार पर तैयार किया गया है। परिणाम की सूची में रसड़ा के पार्थ कुमार तिवारी का नाम पहले स्थान पर है।
पार्थ की प्रारंभिक शिक्षा
पार्थ का जन्म 2009 में हुआ और उनकी शुरुआती शिक्षा कर्नाटक के कोडगु जिले में हुई। उन्होंने एलकेजी से कक्षा 3 तक की पढ़ाई ज्ञान गंगा स्कूल से की। इसके बाद, कक्षा 4 और 5 की शिक्षा यूनिक कॉन्वेंट स्कूल से और कक्षा 6 व 7 की पढ़ाई स्थानीय नवोदय विद्यालय से पूरी की। पार्थ की शैक्षणिक यात्रा में बड़ा मोड़ तब आया जब कक्षा 8 में उनका चयन राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC), देहरादून के लिए हो गया। वर्तमान में वे यहीं से अपनी 12वीं की पढ़ाई कर रहे हैं।
परीक्षा और साक्षात्कार
पार्थ ने 14 सितंबर 2025 को देहरादून में एनडीए की लिखित परीक्षा दी थी। इसके बाद, जनवरी 2026 में बेंगलुरु में आयोजित सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड (SSB) के इंटरव्यू में वे शामिल हुए।
परिवार से प्रेरणा
पार्थ के पिता, नाथ शरण तिवारी, कर्नाटक के कोडगु में सैनिक स्कूल में हिंदी शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जिसने पार्थ को रक्षा सेवाओं की ओर प्रेरित किया। उनकी मां किरण देवी भी एक निजी स्कूल शिक्षिका हैं।
रिजल्ट आते ही देहरादून रवाना हुए पिता
एनडीए की परीक्षा में पूरे देश में अव्वल स्थान पाने वाले पार्थ के पिता परिणाम आने के बाद से गदगद हैं। बेटे की सफलता की खुशी मोबाइल पर बातचीत के दौरान भी महसूस हुई। परिणाम आने के बाद ही वे बेटे से मिलने देहरादून के लिए रवाना हो गए। गुरुवार की शाम करीब सात बजे ‘हिन्दुस्तान’ से बातचीत में बताया कि एक सप्ताह पहले ही रसड़ा स्थित अपने गांव आया था। परिणाम आने के बाद बलिया से ही ट्रेन से देहरादून जा रहे हैं। परिणाम के बाद की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए बताया कि देहरादून से 12वीं के बाद पार्थ एनडीए पूणे में रहकर ट्रेनिंग के साथ स्नातक की पढ़ाई करेंगे। उसके बाद एक साल के लिए वापस देहरादून आएंगे, जहां उनका प्रशिक्षण होगा।
एक बहन इंजीनियर, दूसरी अधिवक्ता
नाथ शरण तिवारी की तीन संतानें हैं। इनमें दो बेटियां और एक बेटा पार्थ है। पिता ने बताया कि पार्थ की बड़ी बहन संध्या तिवारी बंगलुरू में ही इंजीनियर है, जबकि दूसरी बहन निवेदिता सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता है। रसड़ा तहसील के जकरिया गांव में पार्थ की सफलता पर उनके बड़े पिता चंद्रभूषण तिवारी और उनका परिवार खुशी से गदगद हैं।
लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी


