JOBS: UPSC में निकली 480 पदों पर भर्ती, रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख नजदीक; ऐसे करें अप्लाई
यूपीएससी ईसीई 2027 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 है। बता दें कि इस भर्ती अभियान के जरिए केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों में इंजीनियरिंग से जुड़े पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जामिनेशन (ESE) की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों के लिए अहम खबर है। दरअसल, यूपीएसई ईएसई 2027 के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख नजदीक है। ऐसे में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल कर चुके इच्छुक उम्मीदवार जल्द से जल्द इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। बता दें कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 है। बता दें कि इस भर्ती अभियान के जरिए केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों में इंजीनियरिंग से जुड़े पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन ऑफिशियल वेबसाइट upsconline.nic.in पर जाकर किया जा सकता है।
कब होगा एग्जाम
यूपीएससी ईएसई 2027 की प्रारंभिक परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रारंभिक परीक्षा कुल 500 अंकों की होगी। इसमें जनरल स्टडीज और इंजीनियरिंग एप्टिट्यूड के 200 अंक और संबंधित इंजीनियरिंग डिसीप्लिन के 300 अंक होंगे।
कितने पदों पर होगी भर्तियां
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, ESE 2027 के माध्यम से कुल 480 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें 19 पद दिव्यांगजन (PwBD) उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। वहीं 11 पद लोकोमोटर डिसेबिलिटी वाले उम्मीदवारों के लिए हैं। इसमें कुष्ठ रोग से ठीक हो चुके व्यक्ति, बौनापन, एसिड अटैक पीड़ित और मस्कुलर डिस्ट्रॉफी से प्रभावित उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा 6 पद कम सुनने, 1 पद कम देखने और 1 पद विशिष्ट सीखने संबंधी अक्षमता और मानसिक बीमारी वाले उम्मीदवारों के लिए आरक्षित है।
कैसे करें यूपीएससी ईएसई 2027 के लिए आवेदन ?
1. यूपीएससी ईएसई 2027 के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in पर जाना होगा।
2. इसके बाद होम पेज पर उपलब्ध ESE 2027 रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करके अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा।
3. रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद उम्मीदवार आवेदन फॉर्म भरें और निर्धारित शुल्क का भुगतान करें।
4. आवेदन सबमिट करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट निकालकर भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।
यूपीएससी ईएसई 2027 के नोटिफिकेशन के लिए यहां करें क्लिक-
https://www.upsc.gov.in/sites/default/files/Notif-ESEP-2027-Engl-160926.pdf
कितना है आवेदन शुल्क ?
यूपीएससी ईएसई 2027 के लिए सभी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये है। हालांकि, महिला उम्मीदवारों और SC, ST व PWBD श्रेणी के अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान किसी भी बैंक के माध्यम से या क्रेडिट/डेबिट कार्ड और UPI के जरिए किया जा सकता है।
कौन कर सकता है आवेदन
शैक्षणिक योग्यताः आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित इंजीनियरिंग ब्रांच (सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन) में बी.ई. या बी.टेक (B.E./B.Tech) की डिग्री होनी चाहिए।
आयु सीमा: उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। हालांकि, आरक्षित श्रेणी एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

