UPSC Prelims Result 2026 Out : यूपीएससी प्री का रिजल्ट जारी, 13343 उम्मीदवारों ने मेन्स में बनाई जगह
UPSC Civil Services Prelims Result 2026 जारी हो गया है। कुल 13343 उम्मीदवार ने इस बार मेन्स के लिए चयनित हुए हैं।

UPSC Civil Services Preliminary Examination 2026 Out : देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में गिनी जाने वाली यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 के प्री का रिजल्ट जारी कर दिया है। प्री परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवार अब मेन्स की परीक्षा में शामिल होंगे। गौरतलब है कि इस साल 24 मई 2026 को आयोजित हुई प्री परीक्षा के बाद से ही अभ्यर्थी रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब आयोग ने सफल उम्मीदवारों के रोल नंबरों की सूची जारी कर दी है और अगले चरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की है।
13343 उम्मीदवार हुए मेन्स के लिए क्वालिफाई
यूपीएससी द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, इस साल की सिविल सेवा की प्री सफल होकर कुल 13343 उम्मीदवारों ने मेन्स के लिए जगह बनाई है। आयोग ने बताया कि इन सभी उम्मीदवारों की उम्मीदवारी फिलहाल प्रोविजनल रहेगी। यूपीएससी मेन्स परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को आयोग के पोर्टल पर जाकर जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
19 जून से खुलेगी जरूरी विवरण भरने की विंडो
यूपीएससी ने स्पष्ट किया है कि मेन्स परीक्षा में शामिल होने के लिए योग्य घोषित सभी उम्मीदवारों को 19 जून से 28 जून 2026 के बीच आयोग की वेबसाइट पर लॉगिन करना अनिवार्य होगा।
पिछले साल की तुलना में कम उम्मीदवार हुए चयनित
आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2025 में सिविल सेवा की मेन्स परीक्षा के लिए 14161 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया था, जबकि उस वर्ष 1087 रिक्तियां थीं। वहीं इस बार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के लिए 1016 रिक्तियां घोषित की गई हैं और 13343 उम्मीदवारों को मेन्स परीक्षा के लिए चुना गया है।
यह काम नहीं किया तो नहीं मिलेगा एडमिट कार्ड
आयोग ने साफ शब्दों में कहा है कि मेन्स के लिए योग्य घोषित सभी उम्मीदवारों को निर्धारित अवधि में पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी जानकारी अपडेट या पुनः सत्यापित करनी होगी। जो उम्मीदवार यह प्रक्रिया पूरी नहीं करेंगे, उनके लिए मेन्स परीक्षा का ई-एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा और उन्हें परीक्षा के अगले चरण में शामिल होने की अनुमति भी नहीं मिलेगी।
इन उम्मीदवारों को शुल्क में छूट
आयोग के अनुसार मेन्स परीक्षा में प्रवेश के लिए सामान्य रूप से 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। हालांकि महिला उम्मीदवारों, दिव्यांग, एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को इस शुल्क से छूट दी गई है।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


