
UPPSC RO ARO : UPSSSC भर्ती परीक्षा के चलते यूपी आरओ एआरओ मेन्स एग्जाम की तिथियां बदलीं
UPPSC RO ARO Mains Exam dates : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने आरओ एआरओ 2023 मुख्य परीक्षा की तिथियों में बदलाव कर दिया है। अब यह 31 जनवरी व 1 फरवरी की बजाय 2 और 3 फरवरी को होगी।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) 2023 मुख्य परीक्षा की समय सारिणी में संशोधन कर दिया है। 12 नवंबर को जारी कार्यक्रम में आयोग ने 31 जनवरी और एक फरवरी को परीक्षा प्रस्तावित की थी। एक फरवरी को ही अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कनिष्ठ सहायक 2024 परीक्षा पड़ने के कारण अभ्यर्थी आरओ/एआरओ मुख्य परीक्षा टालने की मांग कर रहे थे।
अभ्यर्थियों की मांग पर आयोग ने परीक्षा तिथि में बदलाव करते हुए अब दो और तीन फरवरी को परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। उपसचिव वीरेन्द्र मणि त्रिपाठी के अनुसार दो फरवरी को 9:30 से 11:30 बजे तक सामान्य अध्ययन, जबकि दूसरे पाली में दोपहर दो से 4:30 बजे तक हिन्दी एवं आलेखन की सब्जेक्टिव और 4:30 से पांच बजे तक सामान्य शब्द ज्ञान एवं व्याकरण की वस्तुनिष्ठ परीक्षा होगी। तीन फरवरी को 9:30 से 12:30 बजे तक हिंदी निबंध का पेपर होगा।
16 सितंबर 2025 को घोषित प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में 419 पदों के लिए 7,509 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया था।
सीधी भर्ती के पांच पदों पर साक्षात्कार इसी महीने
आयुष विभाग में सीधी भर्ती के पांच पदों पर साक्षात्कार उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में जनवरी के अंतिम सप्ताह में होंगे। पांच पदों में आयुष आयुर्वेद विभाग में रीडर रोग निदान विभाग के चार पदों और राजकीय यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय में प्रोफेसर (इल्मुल अतफाल) का एक पद शामिल है।
आयुर्वेद विभाग को मिले दो रीडर
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने आयुष (आयुर्वेद) विभाग के तहत राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालयों/चिकित्सालयों में रीडर कौमार भृत्य के दो पदों का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। 17 अक्तूबर 2024 को जारी विज्ञापन के सापेक्ष कुल 21 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। सात जनवरी को आयोजित साक्षात्कार में कुल सात अभ्यर्थी उपस्थित हुए। साक्षात्कार में नितिन शर्मा और अंजू को सफलता मिली।





