UPPSC PCS Interview : 887 पदों के लिए 2,719 अभ्यर्थी आज से देंगे पीसीएस-2024 इंटरव्यू, लखनऊ में ARO टाइपिंग शुरू
UPPSC Interview 2024: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से आज राजधानी लखनऊ में सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) पद के लिए टाइपिंग परीक्षा का आगाज हो रहा है, वहीं संगम नगरी प्रयागराज में राज्य की सबसे बड़ी प्रशासनिक सेवा 'पीसीएस-2024' के इंटरव्यू शुरू होने जा रहे हैं।

UPPSC PCS Interview 2024 : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की दो सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित परीक्षाओं के लिए सोमवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाला है। जहां राजधानी लखनऊ में सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) पद के लिए टाइपिंग परीक्षा का आगाज हो रहा है, वहीं संगम नगरी प्रयागराज में राज्य की सबसे बड़ी प्रशासनिक सेवा 'पीसीएस-2024' के इंटरव्यू शुरू होने जा रहे हैं। इन दोनों ही प्रक्रियाओं से प्रदेश के हजारों युवाओं का भविष्य तय होगा।
लखनऊ: आईटीआई अलीगंज में एआरओ टाइपिंग टेस्ट का आगाज
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा-2023 के तहत एआरओ पद के लिए कंप्यूटर आधारित हिंदी टाइपिंग परीक्षा आज (सोमवार) से शुरू हो रही है। यह परीक्षा लखनऊ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), अलीगंज में आयोजित की जा रही है, जो आगामी 19 फरवरी तक जारी रहेगी।
आयोग ने परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार दो प्रमुख फान्ट का विकल्प दिया है। अभ्यर्थी अपनी पसंद के अनुसार ‘क्रुति देव-010’ या ‘मंगल इनस्क्रिप्ट’ फान्ट में टाइपिंग टेस्ट दे सकते हैं। परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो अलग-अलग सत्रों में किया जाएगा:
प्रथम सत्र: सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक।
द्वितीय सत्र: दोपहर 2:00 बजे से 4:30 बजे तक।
प्रयागराज: पीसीएस-2024 के इंटरव्यू में 2,719 अभ्यर्थी देंगे दस्तक
प्रयागराज में स्थित आयोग के मुख्यालय 'सरस्वती भवन' में सोमवार से पीसीएस-2024 के इंटरव्यू शुरू हो रहे हैं। यह पूरी प्रक्रिया 20 मार्च तक चलेगी, जिसमें कुल 23 कार्यदिवसों का समय निर्धारित किया गया है। इंटरव्यू दो शिफ्टों में आयोजित किए जाएंगे।
बता दें कि आयोग ने 4 फरवरी को मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी किया था और अगले ही दिन यानी 5 फरवरी को इंटरव्यू का कार्यक्रम घोषित कर दिया था। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 947 रिक्त पदों को भरा जाना है, जो 24 विभिन्न श्रेणियों के हैं। इनमें से 60 पद ऐसे हैं, जिनका चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर होगा, जबकि शेष 887 पदों के लिए 2,719 अभ्यर्थी इंटरव्यू में अपनी योग्यता और व्यक्तित्व का परिचय देंगे।
अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य डॉक्यूमेंट और रिपोर्टिंग
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उम्मीदवारों को अपने साथ ये डॉक्यूमेंट का एक स्व-प्रमाणित सेट लाना अनिवार्य है:
सभी आवेदन पत्र और प्रमाणीकरण प्रपत्र
इंडेक्श कोर्ड और अंकतालिका विवरण
अधिमान्यता प्रपत्र और शैक्षिक प्रमाण-पत्र।
फोटो: कुल 5 फोटो लानी होंगी (2 स्व-प्रमाणित और 3 सादी पासपोर्ट साइज)।
इन सभी अभिलेखों के साथ अभ्यर्थियों को समय पर 'सरस्वती भवन' पहुंचना होगा। आयोग की इस सक्रियता से उम्मीद है कि चयन प्रक्रिया समय पर पूरी होगी और जल्द ही उत्तर प्रदेश को नए प्रशासनिक अधिकारी मिल सकेंगे।



