UPPCS इंटरव्यू की तारीख तय, अब तैयारी का आखिरी दौर शुरू; जानिए कैसे बनाएं पक्की रणनीति

Feb 14, 2026 10:51 pm ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

UPPCS 2024 परीक्षा का इंटरव्यू 16 फरवरी से 20 मार्च तक प्रयागराज में निर्धारित है। कॉल लेटर डाउनलोड होने शुरू हो गए हैं। इस परीक्षा के जरिए उम्मीदवारों की ज्ञान के साथ व्यक्तित्व की परख की जाएगी।

UPPCS इंटरव्यू की तारीख तय, अब तैयारी का आखिरी दौर शुरू; जानिए कैसे बनाएं पक्की रणनीति

राज्य सेवा का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए अब सबसे अहम पड़ाव आ चुका है। Uttar Pradesh Public Service Commission (UPPSC) ने पीसीएस 2024 मुख्य परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों के इंटरव्यू की तारीख घोषित कर दी है। इंटरव्यू 16 फरवरी 2026 से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक चलेंगे। यानी अब यह वह समय है जब किताबों की पढ़ाई से आगे बढ़कर व्यक्तित्व, सोच और व्यवहार की असली परीक्षा होने वाली है।

इंटरव्यू लेटर 6 फरवरी 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध हैं। अभ्यर्थियों को अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि की मदद से लॉगिन करके कॉल लेटर निकालना होगा। इंटरव्यू का आयोजन प्रयागराज स्थित आयोग कार्यालय में किया जाएगा, जहां रोज दो शिफ्ट में साक्षात्कार होंगे, पहली सुबह 9:30 बजे और दूसरी दोपहर 2:00 बजे। यह चरण सिर्फ जानकारी का नहीं, बल्कि आपकी समझ, संतुलन, ईमानदारी और प्रशासनिक सोच को परखने का होता है।

क्यों अलग होता है पीसीएस इंटरव्यू

बहुत से उम्मीदवार सोचते हैं कि इंटरव्यू सिर्फ सवाल-जवाब का दौर है, लेकिन असल में यह “पर्सनैलिटी टेस्ट” होता है। बोर्ड यह देखता है कि उम्मीदवार प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालने के लिए कितना तैयार है।

आपका आत्मविश्वास, जवाब देने का तरीका, परिस्थिति को समझने की क्षमता और संतुलित दृष्टिकोण यहां ज्यादा मायने रखता है। यही वजह है कि कई बार बहुत ज्यादा पढ़ने वाला उम्मीदवार भी इंटरव्यू में पीछे रह जाता है, जबकि संतुलित और स्पष्ट सोच वाला अभ्यर्थी बेहतर प्रदर्शन कर जाता है।

तैयारी अब रटने की नहीं, समझ की करें

अब नई किताबें शुरू करने का समय नहीं है। जो पढ़ चुके हैं, उसी को व्यवस्थित करने का समय है। अपने डीएएफ (डिटेल्ड एप्लीकेशन फॉर्म) को सबसे पहले अच्छी तरह समझ लें, क्योंकि इंटरव्यू का बड़ा हिस्सा उसी से जुड़ा होता है। आपसे आपके विषय, जिले, शिक्षा, हॉबी, नौकरी के अनुभव और यहां तक कि आपके नाम या गांव से जुड़े सवाल भी पूछे जा सकते हैं। इसलिए अपनी प्रोफाइल का हर पहलू साफ रखें।

समसामयिक घटनाओं पर मजबूत पकड़ जरूरी

इंटरव्यू बोर्ड यह देखना चाहता है कि आप समाज और देश की घटनाओं को कैसे समझते हैं। पिछले 5–6 महीनों की प्रमुख राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्य स्तरीय घटनाओं को जरूर दोहरा लें। सिर्फ खबर याद न रखें, बल्कि यह सोचें कि एक प्रशासक के रूप में आप उस मुद्दे को कैसे देखेंगे। उदाहरण के तौर पर पर्यावरण, महिला सुरक्षा, डिजिटल प्रशासन, ग्रामीण विकास, रोजगार इन विषयों पर अपनी स्पष्ट राय बनाएं।

जवाब छोटा, साफ और संतुलित रखें

इंटरव्यू में लंबा भाषण देने की जरूरत नहीं होती। सीधा, सटीक और विनम्र उत्तर सबसे प्रभावी होता है। अगर किसी सवाल का जवाब नहीं आता, तो गलत जानकारी देने की बजाय साफ कह देना बेहतर होता है, “इस विषय की अभी सटीक जानकारी नहीं है।” ईमानदारी हमेशा सकारात्मक प्रभाव छोड़ती है।

मॉक इंटरव्यू का सही उपयोग करें

अब समय है खुद को बोलकर तैयार करने का। मॉक इंटरव्यू देने से आपको अपनी बॉडी लैंग्वेज, बोलने की गति और जवाब देने की शैली समझ में आती है। ध्यान रखें कि मॉक का उद्देश्य रटाना नहीं, बल्कि स्वाभाविक बनाना है। आईने के सामने बोलने का अभ्यास भी उतना ही असरदार होता है। इससे झिझक खत्म होती है और चेहरे के भाव नियंत्रित होते हैं।

पहनावा और व्यवहार भी तैयारी का हिस्सा

इंटरव्यू में आपका पहनावा साधारण, साफ और औपचारिक होना चाहिए। बहुत ज्यादा दिखावटी या फैशनेबल कपड़े उल्टा प्रभाव डाल सकते हैं। आपका व्यक्तित्व गंभीर, विनम्र और सहज दिखना चाहिए। कमरे में प्रवेश करने से लेकर बैठने और धन्यवाद कहने तक, हर छोटी बात नोटिस की जाती है।

समय प्रबंधन और दस्तावेज तैयारी न भूलें

कॉल लेटर में दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें। सभी जरूरी दस्तावेज पहले से व्यवस्थित कर लें ताकि आखिरी समय पर घबराहट न हो। इंटरव्यू वाले दिन समय से पहले पहुंचना बेहद जरूरी है, क्योंकि देर से पहुंचना आपकी मानसिक स्थिति पर असर डाल सकता है।

मानसिक संतुलन सबसे बड़ा हथियार

यह आखिरी चरण है, इसलिए तनाव होना स्वाभाविक है। लेकिन याद रखें कि इंटरव्यू डराने के लिए नहीं, आपको समझने के लिए लिया जाता है। बोर्ड आपके खिलाफ नहीं, बल्कि आपके भीतर के प्रशासक को पहचानने के लिए बैठा होता है। जितना स्वाभाविक रहेंगे, उतना बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, Bihar Board Result 2026, CBSE Board Result 2026, UP Board Result 2026 और सरकारी जॉब अपडेट्स हिंदी में पाने के लिए आज ही Live Hindustan App डाउनलोड करें।