
UPPSC LT Grade Exam dates : यूपी एलटी ग्रेड भर्ती परीक्षा की तिथियां जारी, देखें विषयवार शेड्यूल
UPPSC LT Grade Exam date : यूपीपीएससी ने एलटी ग्रेड के 7466 पदों पर भर्ती के लिए आठ और विषयों की परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। 8 विषयों की परीक्षा 17 से 25 जनवरी के बीच चार कार्यदिवसों में कराई जाएगी।
UPPSC LT Grade Exam date : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय विद्यालयों में एलटी ग्रेड (प्रशिक्षित स्नातक या सहायक अध्यापक) के 7466 पदों पर भर्ती के लिए आठ और विषयों की परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। अनुसचिव ओंकारनाथ सिंह के अनुसार इन आठ विषयों की परीक्षा 17 से 25 जनवरी के बीच चार कार्यदिवसों में कराई जाएगी। इससे पहले 20 सितंबर को आयोग ने छह विषयों की परीक्षा तिथि घोषित की थी। इस प्रकार अब केवल कंप्यूटर विषय की तिथि जारी होना बाकी है। सात साल बाद आई भर्ती के लिए रिकॉर्ड 12,36,238 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। प्रत्येक पद पर औसतन 166 अभ्यर्थियों ने दावेदारी की है। इससे पहले 2018 में एलटी ग्रेड के 10768 पदों के लिए 7,63,317 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
कब किस विषय की परीक्षा
सोमवार को घोषित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार सामाजिक विज्ञान और जीव विज्ञान की परीक्षा 17 जनवरी को क्रमश: सुबह नौ से 11 और तीन से पांच बजे की पाली में होगी।
अंग्रेजी और शारीरिक शिक्षा की परीक्षा 18 जनवरी को क्रमश: सुबह नौ से 11 और तीन से पांच बजे की पाली में कराई जाएगी। कला और कृषि/उद्यानकर्म विषयों की परीक्षा 24 जनवरी को क्रमश: सुबह नौ से 11 और तीन से पांच बजे की पाली में होगी। उर्दू और संगीत विषयों की परीक्षा 25 जनवरी को क्रमश: सुबह नौ से 11 और तीन से पांच बजे की पाली में कराई जाएगी। इससे पहले 20 सितंबर को छह विषयों का परीक्षा कार्यक्रम घोषित हुआ था। उसके अनुसार छह दिसंबर को गणित व हिंदी, सात दिसंबर को विज्ञान और संस्कृत जबकि 21 दिसंबर को गृह विज्ञान और वाणिज्य की परीक्षा होगी।
कैसे होगा चयन
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती पहली बार प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा के माध्यम से होगी। इससे पहले आयोग ने मार्च, 2018 में इस भर्ती का विज्ञापन जारी किया था और चयन प्रक्रिया एकल परीक्षा के माध्यम से पूरी की थी। अब वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय प्रश्न की प्रारंभिक परीक्षा अभ्यर्थियों की छंटनी के लिए होगी। इसके बाद मुख्य परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के आधार पर होगा चयन
एलटी ग्रेड शिक्षकों का चयन प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के आधार पर होगा। प्रारंभिक परीक्षा में दो घंटे के प्रश्नपत्र में 150 सवाल (सामान्य अध्ययन के 30 तथा प्रत्येक वैकल्पिक (मुख्य) विषय के 120 प्रश्न) पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न दो अंक के होंगे। सामाजिक विज्ञान पद के लिए मुख्य विषय में चार खंड होंगे जिसमें भूगोल, इतिहास, अर्थशास्त्र और नागरिक शास्त्र विषय सम्मिलित होंगे एवं प्रत्येक खंड में 60 प्रश्न होंगे। अभ्यर्थियों को इन चार खंडों में से किन्हीं दो खंडों का चयन करके उत्तर देना होगा। प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होंगे। मुख्य परीक्षा में 200 अंकों के 20 प्रश्न होंगे। खंड अ में लघुउत्तरीय प्रकार के दस प्रश्न होंगे जिनका उत्तर 125 शब्दों में देना होगा। खंड ब में दस प्रश्न दीर्घउत्तरीय प्रकार के होंगे जिनका जवाब 200 शब्दों में देना होगा। लघुउत्तरीय प्रश्न आठ और दीर्घउत्तरीय प्रश्न 12 अंकों के होंगे।
गलत जवाब देने पर एक तिहाई अंक कटेंगे
प्रारम्भिक परीक्षा के वस्तुनिष्ठ प्रकार प्रश्नपत्र में गलत उत्तर देने पर एक तिहाई (0.33 प्रतिशत) अंक काटे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न के चार वैकल्पिक उत्तरों में से यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक उत्तर देता है तो उसे भी गलत उत्तर माना जाएगा। भले ही दिए गए दो उत्तरों में से एक सही होता है फिर भी एक तिहाई अंक काटे जाएंगे।
एससी/एसटी के लिए 35% अंक जरूरी
अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम दक्षता मानक 35% निर्धारित है। यानि इन श्रेणियों के अभ्यर्थी यदि (प्रारम्भिक / मुख्य) परीक्षा में 35% से कम अंक प्राप्त करते हैं तो वे श्रेष्ठता / चयन सूची में सम्मिलित नहीं किए जायेंगे। इसी प्रकार, अन्य श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम दक्षता मानक 40% निर्धारित है। मानक से कम अंक पाने वाले सभी अभ्यर्थी अयोग्य माने जाएंगे।
- आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को अंतिम चयन में अनारक्षित श्रेणी के पदों पर तभी समायोजित किया जाएगा जब उनके द्वारा परीक्षा के किसी स्तर पर योग्यता मानक में कोई लाभ / रियायत न लिया गया हो।
- यदि किसी अभ्यर्थी का कोई प्रमाण पत्र फर्जी अथवा कूटरचित पाया जाता है तो उसे लोक सेवा आयोग के सभी चयनों से हमेशा के लिए प्रतिवारित (डिबार) कर दिया जाएगा तथा उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
- जिन अभ्यर्थियों के अभ्यर्थन निरस्त कर दिए जाते है वे अभ्यर्थी नहीं रह जाते हैं। इसलिए ऐसे अभ्यर्थियों को उनके प्राप्तांक नहीं दिये जाएंगे।





