
UPPSC LT Grade Exam 2026: यूपी एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती, अंग्रेजी विषय की परीक्षा में आधे अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
UPPSC LT Grade Exam 2026: यूपी एलटी ग्रेड के रिक्त पदों को भरने की दिशा में रविवार को प्रदेश के विभिन्न केंद्रों पर अंग्रेजी और शारीरिक शिक्षा विषयों के लिए प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया गया।
UPPSC LT Grade Exam 2026: उत्तर प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) के रिक्त पदों को भरने की दिशा में रविवार को प्रदेश के विभिन्न केंद्रों पर अंग्रेजी और शारीरिक शिक्षा विषयों के लिए प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित यह परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
अंग्रेजी विषय में उपस्थिति और परीक्षा का फॉर्मेट
सहायक अध्यापक अंग्रेजी के कुल 653 पदों पर भर्ती के लिए पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से 11 बजे तक आयोजित की गई। इस परीक्षा के लिए प्रदेश के नौ प्रमुख जिलों में 247 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। आयोग के परीक्षा नियंत्रक हर्षदेव पांडेय द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, अंग्रेजी विषय के लिए कुल 1,11,264 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। हालांकि, परीक्षा देने केवल 53.50 प्रतिशत अभ्यर्थी ही पहुंचे, जिसका अर्थ है कि लगभग आधे (47.5%) उम्मीदवारों ने इस प्रतियोगिता से दूरी बना ली।
शारीरिक शिक्षा परीक्षा
वहीं, दोपहर 3 बजे से 5 बजे की दूसरी पाली में शारीरिक शिक्षा के 258 पदों के लिए परीक्षा कराई गई। इसके लिए 80 केंद्रों पर व्यवस्था की गई थी। इस विषय में अभ्यर्थियों का उत्साह अधिक देखने को मिला, जहाँ पंजीकृत 34,290 अभ्यर्थियों में से कुल उपस्थिति लगभग 66.95 प्रतिशत दर्ज की गई।
सामान्य अध्ययन के प्रश्नों ने बढ़ाई मुश्किल
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर मध्यम से कठिन था। विशेषकर अंग्रेजी विषय के पेपर में 'सामान्य अध्ययन' (GS) के 30 प्रश्नों ने उम्मीदवारों को काफी उलझाया। प्रश्नपत्र में विषय से संबंधित 120 प्रश्न थे, लेकिन जीएस वाले हिस्से में सुमेलित करने वाले और कथनों पर विचार करने वाले प्रश्नों ने समय अधिक लिया।
अभ्यर्थियों के बीच कुछ प्रश्न चर्चा का विषय बने रहे, जैसे कि 'आम की संकर प्रजाति रत्ना किन प्रजातियों का संकरण है?' इसके अलावा ऐतिहासिक और दार्शनिक ज्ञान की परख करने वाले प्रश्न जैसे 'किस ग्रंथ में यूनानी राजा मेनांडर और बौद्ध भिक्षु नागसेन के बीच संवाद मिलता है?' ने भी अभ्यर्थियों की गहरी तैयारी की परीक्षा ली। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी परीक्षा निर्विघ्न संपन्न हुई है और अब जल्द ही इसकी आंसर-की जारी होने की उम्मीद है।

लेखक के बारे में
Prachiदिल्ली की रहने वाली प्राची लाइव हिन्दुस्तान में ट्रेनी कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले 1.5 वर्षों से वे करियर और शिक्षा क्षेत्र की बारीकियों को कवर कर रही हैं। प्राची ने प्रतिष्ठित भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) से इंग्लिश जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा और दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिस्ट्री ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया है। लाइव हिन्दुस्तान से 2024 में जुड़ने से पहले, उन्होंने 'नन्ही खबर', 'सी.वाई. फ्यूचर लिमिटेड' और 'कुटुंब' जैसे संस्थानों में कंटेंट लेखक के रूप में अपनी लेखनी को निखारा है। इतिहास की समझ और पत्रकारिता के जुनून के साथ, प्राची को खाली समय में उपन्यास पढ़ना और विश्व सिनेमा देखना पसंद है।
और पढ़ें



