यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में सॉल्वर बनने वालों की खैर नहीं, प्रॉपर्टी होगी जब्त, प्रश्नों पर चर्चा बैन
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में सॉल्वरों के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की है। सॉल्वरों की संपत्ति जब्त की जाएगी। प्रश्नों पर चर्चा व विश्लेषण भी बैन है।

कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर एग्जाम में कोई साल्वर पकड़ा गया तो उसकी चल और अचल संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। इन मामलों को अंजाम देने के लिए इन्वेस्टिगेटर अपनी रिपोर्ट सीधे संबंधित जिले के जिलाधिकारी (डीएम ) को भेजेगा। वहीं परीक्षा के प्रश्न या प्रश्न पत्र सोशल मीडिया पर शेयर करना, उन्हें एनालिसिस करना, डिस्कशन या शेयरिंग करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। लिखित परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ कराने के लिए बोर्ड ने यह फैसला लिया है। इससे पहले हुई होमगार्ड परीक्षा में भी ही नियम थे।
7 वर्ष की सजा और 10 लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान
बोर्ड के अपर सचिव भर्ती सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि बोर्ड के संज्ञान में आया है कि कुछ लोग आगामी परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों या उनके कंटेट पर चर्चा, विश्लेषण या प्रसार कर रहे हैं। उप्र सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के प्रावधानों के तहत ऐसी सभी गतिविधियां प्रतिबंधित हैं। सॉल्वर गिरोह पकड़े जाने पर पहली बार में अधिकतम 7 वर्ष की सजा और 10 लाख रुपये जुर्माना और दूसरी बार पकड़े जाने पर आजीवन कारावास और 50 लाख से एक करोड़ रुपये जुर्माने का प्रावधान है।
कब होगी यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आगामी 8 से 10 जून के बीच होने वाली है। 32,679 पदों के लिए प्रदेश भर से 28 लाख से अधिक अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। 75 जिलों में कुल 1183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
सीएम योगी ने भी दिए सख्ती के आदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार रात वीडियो कांफ्रेंसिंग से आठ, नौ व 10 जून को होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता को लेकर कई कड़े निर्देश दिए। खासकर परीक्षा के दौरान अफवाह फैलाने व किसी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों से पूरी कड़ाई से निपटने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिपाही भर्ती परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और गोपनीयता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता न होने पाए। इसमें लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों की सहभागिता को देखते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप यातायात प्रबन्धन की प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए, जिससे आमजन को असुविधा न हो। कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापकों की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने छह जून को परीक्षा आयोजन का पूर्वाभ्यास कराने का निर्देश भी दिया। बैठक में उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में होने वाले जनभागीदारी आधारित कार्यक्रमों की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा भी की।
लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी


