UPESSC : 4 महीने में TGT, PGT और असिस्टेंट प्रोफेसर समेत 7 बड़ी परीक्षाएं कराएगा चयन आयोग
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग चार महीनों में सात बड़ी परीक्षाएं कराएगा। दिसंबर तक प्राचार्य और असिस्टेंट प्रोफेसर, पीजीटी, टीजीटी, स्पेशल टीईटी और परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए भर्ती परीक्षा (सुपर टीईटी) कराने के लिए तैयारियां जोरों पर है।

प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग चार महीनों में सात बड़ी परीक्षाएं कराएगा। दिसंबर तक अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में प्राचार्य और असिस्टेंट प्रोफेसर, सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता (पीजीटी), प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी), स्पेशल टीईटी और परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए भर्ती परीक्षा (सुपर टीईटी) कराने के लिए तैयारियां जोरों पर है। इनमें से प्राचार्य के 111 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा इसी महीने 24 सितंबर को कराई जाएगी।
यूपी में स्पेशल टीईटी के आवेदन आज 5 सितंबर से
कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) के आवेदन आज शिक्षक दिवस 5 सितंबर से शुरू होंगे। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने गुरुवार को इस परीक्षा का विज्ञापन जारी कर दिया। अभ्यर्थी 4 अक्टूबर तक शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर तय की गई है। इसकी परीक्षा 3 नवंबर 2026 को होनी है। यह परीक्षा सामान्य टीईटी से अलग है। इसे विशेष रूप से कार्यरत शिक्षकों को मौका देने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
56,818 शिक्षकों को यह विशेष टीईटी पास करनी होगी
टीईटी की अनिवार्यता से करीब 1.42 लाख शिक्षक प्रभावित हुए थे। इनमें से लगभग 86 हजार कार्यरत शिक्षक हाल ही में हुई टीईटी में सफल हो गए हैं। अब करीब 56,818 शिक्षकों को यह विशेष टीईटी पास करनी होगी।
UPTET-2026 में 60 हजार OMR रिजेक्ट पर अभ्यर्थियों में नाराजगी
UPTET-2026 के परिणाम घोषित होने के बाद से अभ्यर्थियों में असंतोष है। करीब 60 हजार अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट रिजेक्ट हो गई है। नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया के कारण कई छात्र असफल हुए हैं। इसे लेकर छात्र आयोग के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों के प्रदर्शन और बढ़ते दबाव के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे अपनी आपत्तियां ईमेल upesscprayagraj@gmail.com के जरिए भेज सकते हैं। आयोग ने इन आपत्तियों के निष्पक्ष और तय समय में निपटारे के लिए 5 सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति बनाई है।
अब तक 45 हजार से अधिक प्रत्यावेदन
यूपीटीईटी को लेकर अब तक 45 हजार से अधिक प्रत्यावेदन ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से मिल चुके हैं। अधिकांश अभ्यर्थियों ने ओएमअर शीट का गोला न भरने के कारण परिणाम रिजेक्ट होने से संबंधित है। इसके अलावा बड़ी संख्या में उन अभ्यर्थियों ने प्रत्यावेदन दिया है जो नॉर्मलाइजेशन लगने के बाद एक से भी कम अंक से फेल हो गया है। 26 अगस्त को परिणाम घोषित होने के बाद से अब तक चयन आयोग पर 10-12 हजार अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन ज्ञापन दिया है।

