UPESSC ने वेबसाइट से हटाया यूपी टीईटी का परिणाम, जानें कहां देख सकेंगे रिजल्ट
वेबसाइट से परिणाम हटने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थी। कुछ लोग सोशल मीडिया पर संदेश प्रसारित करने लगे कि चयन आयोग संशोधित परिणाम जारी करेगा तो कुछ लोगों का कहना था कि नॉर्मलाइजेशन को हटाकर परिणाम जारी होगा।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने 26 अगस्त को घोषित यूपीटीईटी 2026 का परिणाम वेबसाइट से हटा लिया है। अब अभ्यर्थी डिजिलॉकर के माध्यम से अपना परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। वेबसाइट से गुरुवार को परिणाम हटने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थी। कुछ लोग सोशल मीडिया पर संदेश प्रसारित करने लगे कि चयन आयोग संशोधित परिणाम जारी करेगा तो कुछ लोगों का कहना था कि नॉर्मलाइजेशन को हटाकर परिणाम जारी होगा। इस संबंध में चयन आयोग के पीआरओ डॉ. संजय कुमार सिंह का कहना है कि कोई भी परिणाम केवल एक सप्ताह तक ही वेबसाइट पर रहता है। उसके बाद डिजिलॉकर पर उपलब्ध करा दिया जाता है।
कब जारी हुआ था रिजल्ट
बता दें कि आयोग ने 26 अगस्त को यूपी टीईटी के पेपर 1 और 2 का रिजल्ट UPESSC की ऑफिशियल वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जारी किया था। बता दें, इस परीक्षा के लिए 19,94,661 अभ्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इसके बाद 2,3 और 4 जुलाई को उत्तर प्रदेश के सभी 75 राज्यों में बनाए गए केंद्रों पर इसकी परीक्षा हुई थी। रिजल्ट के मुताबिक पहले पेपर में 80 तो वहीं जूनियर टीईटी परीक्षा में 72 फीसदी परीक्षार्थी पास हुए हैं। बता दें, यह पहली बार है जब यूपीटीईटी परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन लागू किया गया था। वहीं अब आयोग ने रिजल्ट को वेबसाइट से हटा दिया है।
क्या है डिजिलॉकर
डिजिलॉकर एक तरह का वर्चुअल लॉकर है। इसका इस्तेमाल कर आप अपने डॉक्यूमेंट्स को ऑनलाइन स्टोर कर सकते हैं। डिजीलॉकर में पैन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट आदि के साथ कोई भी सरकारी प्रमाण-पत्र स्टोर कर सकते हैं। डिजीलॉकर खाता खोलने के लिए आपके पास आधार कार्ड का होना अनिवार्य है।
UPTET में हो गए पास, अब क्या करें?
आप यूपीटीईटी की परीक्षा में सफल हो गए हैं, तो आपके लिए भविष्य के रास्ते खुल गए हैं। हालांकि, टीईटी परीक्षा का मतलब यह नहीं है कि आपकी नौकरी पक्की हो गई है। बल्कि इसका मतलब है कि आप अब राज्य की आने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में आवेदन करने के पात्र हो गए हैं। यह परीक्षा आपको केवल उत्तर प्रदेश की शिक्षक भर्ती में ही सहायता कर सकती है।
UPTET नहीं कर पाए पास, अब क्या करें?
अगर आप यूपीटीईटी की परीक्षा को पास नहीं कर पाए हैं, तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है। अभी भी आपके पास मौका है। वह मौका है CTET परीक्षा का। इस परीक्षा के लिए अभी भी आपके पास समय है।


