UPESSC : असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड के 107 पदों पर भर्ती, योग्य अभ्यर्थियों से मांगे आवेदन
उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड के 107 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की वेबसाइट एक बार फिर खोल दी गई है।

उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड के 107 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की वेबसाइट एक बार फिर खोल दी गई है। हाईकोर्ट के आदेश पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 28 अप्रैल तक अर्ह सभी अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे है। अभ्यर्थी शुक्रवार से 20 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
आयोग ने विज्ञापन संख्या-51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के अन्य पदों के साथ बीएड के 107 पदों के लिए 31 अगस्त 2022 तक आवेदन मांगा था। हालांकि अंजू व दो अन्य की ओर से दायर याचिका में नौ दिसंबर 2022 को हाईकोर्ट ने असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड की अर्हता एनसीटीई मानकों के अनुरूप न होने के कारण इसे रद्द करते हुए पुनः विज्ञापित करने का आदेश दिया था। इसके बाद आयोग ने हाईकोर्ट की डबल बेंच और सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी लेकिन दोनों याचिकाएं खारिज हो गई। उसके बाद नया आयोग गठित हो गया और 23 मई 2025 को नए सिरे विज्ञापन जारी करते हुए आवेदन मांगे गए।
एसएससी : 303 पदों पर होगी अनुवादक भर्ती
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग की ओर से संयुक्त अनुवादक भर्ती 2026 में 303 पदों पर चयन होगा। 23 अप्रैल को जारी विज्ञापन में 84 पद का ही जिक्र था। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों से नौ जुलाई तक 303 रिक्त पदों की सूचना मिली है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 156, ओबीसी 75, एससी 37, ईडब्ल्यूएस 20, एसटी 15 पद शामिल हैं। जूनियर ट्रांसलेटर के सर्वाधिक 90 पद कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल ऑफ इंडिया में हैं। इसके बाद संचार मंत्रालय में जूनियर ट्रांसलेटर के 76 पद हैं। रक्षा मंत्रालय के अधीन बॉर्डर रोड्स आर्गेनाइजेशन में जूनियर ट्रांसलेटर के 33 जबकि वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग में जूनियर ट्रांसलेटर के 12 पद हैं।
13 ट्रेड के प्रशिक्षण के लिए 25 तक करें आवेदन
प्रयागराज। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 25 जुलाई निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को मूंज उत्पाद, समेत विभिन्न ट्रेडों में 10 दिवसीय प्रशिक्षण और नि:शुल्क टूलकिट दी जाएगी।


