Hindi Newsकरियर न्यूज़up uppsc assistant professor recruitment 2025 notification out check vacancies details phd ugc net eligibility criteria
UP Assistant Professor Recruitment : यूपी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में कॉमर्स के सर्वाधिक 157 पद, कैसे होगा चयन

UP Assistant Professor Recruitment : यूपी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में कॉमर्स के सर्वाधिक 157 पद, कैसे होगा चयन

संक्षेप:

UP UPPSC Assistant Professor Recruitment :पांच साल बाद निकली यूपी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में 10 गुना पद पर मौका है। 28 विषयों के लिए विज्ञापित 1253 पदों में से सर्वाधिक 157 पद वाणिज्य विषय के हैं। उसके बाद अंग्रेजी में 92 पद हैं।

Sep 05, 2025 08:17 am ISTPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, मुख्य संवाददाता, प्रयागराज
share Share
Follow Us on

UP UPPSC Assistant Professor Recruitment 2025: उत्तर प्रदेश के 217 राजकीय डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1253 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन गुरुवार से शुरू हो गए। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से पांच साल बाद शुरू की गई भर्ती में बंपर पद आए हैं क्योंकि प्रदेश सरकार ने इसी साल से 46 नए राजकीय डिग्री कॉलेज शुरू किए हैं। इन 46 राजकीय डिग्री कॉलेजों के लिए स्वीकृत पदों को भी इस भर्ती में शामिल करने के कारण रिकॉर्ड पदों पर भर्ती होने जा रही है। खास बात यह है कि 28 विषयों के लिए विज्ञापित 1253 पदों में से सर्वाधिक 157 पद वाणिज्य विषय के हैं। उसके बाद अंग्रेजी में 92, रसायन विज्ञान व हिंदी 87-87, वनस्पति विज्ञान, जन्तु विज्ञान और गणित में 79-79, समाजशास्त्र 78, अर्थशास्त्र 61, भौतिक विज्ञान 60, शारीरिक शिक्षा 59, इतिहास 58, राजनीति विज्ञान 57 और संस्कृत में 56 पद हैं। कंप्यूटर साइंस और फारसी (पर्सियन) में सबसे कम एक-एक, सांख्यिकी और सैन्य विज्ञान (रक्षा अध्ययन) में दो-दो पद हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सचिव अशोक कुमार की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा शुल्क बैंक में जमा करने और आवेदन सबमिट करने की अंतिम तिथि छह अक्तूबर है। आवेदन में त्रुटि संशोधन और शुल्क समाधान की अंतिम तिथि 13 अक्तूबर है।

पांच साल बाद 10 गुना पद पर मौका

युवाओं को असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के इंतजार का मीठा फल मिला है। आयोग ने भले ही पांच साल बाद भर्ती निकाली है। लेकिन पिछली भर्ती से तुलना की जाए तो 10 गुना अधिक रिक्तियों पर मौका मिला है। इससे पहले 2020 में असिस्टेंट प्रोफेसर के 128 पदों पर भर्ती आई थी।

ये भी पढ़ें:केवी में CTET अनिवार्य, LT में छूट, अभ्यर्थी पहुंचे कोर्ट, अगली सुनवाई 11 को

प्री, मेंस और इंटरव्यू के आधार पर होगा चयन

असिस्टेंट प्रोफेसर का चयन तीन चरणों पर होगा। आयोग ने पैटर्न बदलते हुए पहली बार प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर चयन का निर्णय लिया है। दो घंटे की प्रारंभिक परीक्षा 150 अंकों की होगी। इनमें सामान्य अध्ययन के 30 प्रश्न तथा प्रत्येक वैकल्पिक विषय के 90 प्रश्न जबकि वैकल्पिक गणित विषय के 70 प्रश्न होंगे। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। प्रारंभिक परीक्षा में माइनस मार्किंग भी होगी। तीन घंटे की मुख्य परीक्षा में 200 अंकों के 20 प्रश्न होंगे। 10 लघुउत्तरीय प्रश्नों का जवाब अधिकतम 125 प्रश्नों में देना होगा जिसके लिए आठ-आठ अंक निर्धारित हैं। वहीं, 10 दीर्घउत्तरीय प्रश्नों का उत्तर अधिकतम 200 शब्दों में देना होगा, जिसके लिए 12-12 अंक मिलेंगे। उसके बाद 25 अंकों का साक्षात्कार होगा। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में मिले अंकों के आधार पर श्रेष्ठता सूची बनाई जाएगी।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay
पंकज विजय लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर हैं। यहां वह करियर, एजुकेशन, जॉब्स से जुड़ी खबरें देखते हैं। पंकज को पत्रकारिता में डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने एनडीटीवी डिजिटल, आजतक डिजिटल, अमर उजाला समाचार पत्र में काम किया। करियर-एजुकेशन-जॉब्स के अलावा वह विभिन्न संस्थानों में देश-विदेश, राजनीति, रिसर्च व धर्म से जुड़ी बीट पर भी काम कर चुके हैं। भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा व डीयू से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।