यूपी के विश्वविद्यालयों में AI से होगी पढ़ाई और रिसर्च, जल्द तैयार होगी प्रदेश में नई एआई पॉलिसी
प्रस्तावित कार्ययोजना में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और प्रश्नपत्र तैयार करने के साथ वर्चुअल लैब, चैटबॉट तथा पढ़ाने और सीखने की प्रक्रिया में एआई के उपयोग को शामिल किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई, शोध, परीक्षा और प्रशासनिक कामकाज को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए प्रदेश में जल्द ही एआई नीति तैयार की जाएगी। रविवार को राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की पहल पर गठित एआई पॉलिसी एडवाइजरी कमेटी की ऑनलाइन बैठक में उच्च शिक्षा में एआई के उपयोग और इसे लागू करने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह ने प्रतिभाग किया। वह एआई पॉलिसी इंप्लीमेंटेशन कमेटी के सदस्य-संयोजक हैं। उनके अलावा बैठक में आईआईटी दिल्ली के पूर्व निदेशक प्रो. वी. रामगोपाल राव, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय और राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव सुधीर बोबडे सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।
एआई के इस्तेमाल को लेकर हुई बैठक
बैठक में विश्वविद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था, शोध कार्य, परीक्षा प्रणाली, आंकड़ों के प्रबंधन और प्रशासनिक निर्णयों में एआई के उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बताया कि नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जल्द ही विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसमें विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों और उनकी संस्थागत प्रकृति के अनुसार एआई के इस्तेमाल की कार्ययोजना बनाई जाएगी।
परीक्षा और पढ़ाई में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
प्रस्तावित कार्ययोजना में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और प्रश्नपत्र तैयार करने के साथ वर्चुअल लैब, चैटबॉट तथा पढ़ाने और सीखने की प्रक्रिया में एआई के उपयोग को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को इस तकनीक के इस्तेमाल के लिए प्रशिक्षित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा, जिससे शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों में इसका व्यवस्थित उपयोग हो सके।
एआई नीति के क्रियान्वयन में प्रो. केपी सिंह की भूमिका विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच समन्वय स्थापित करने और कार्ययोजना को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। प्रस्तावित नीति से उच्च शिक्षा में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, प्रशासनिक कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने और शोध गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
पीएचडी शोधार्थियों के लिए कोर्स वर्क में ऑनलाइन पढ़ाई अनिवार्य
लखनऊ विश्वविद्यालय में पीएचडी करने वाले शोधार्थियों के लिए कोर्स वर्क में ऑनलाइन पढ़ाई अनिवार्य कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत सभी शोधार्थियों को दो क्रेडिट का एक पेपर ऑनलाइन माध्यम से पूरा करना होगा। इसके लिए विश्वविद्यालय ने शोध में नैतिकता पर आधारित ‘एथिक्स फर्स्ट’ नाम से नया पाठ्यक्रम शुरू किया है। एमओओसी की नोडल अधिकारी प्रो. किरण लता डंगवाल ने बताया कि शोध में नैतिकता से संबंधित पाठ्यक्रम ऑनलाइन शुरू किया गया है। इसकी खास बात यह है कि इसे विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने ही तैयार किया है।
कुछ दिन पहले कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी की अध्यक्षता में लखनऊ विश्वविद्यालय की कार्य परिषद की बैठक में कई सुधारों को मंजूरी दी गई थी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ( यूजीसी - UGC) के आदेश के मुताबिक डॉक्टरेट के काम के डॉक्यूमेंटेशन और वेरिफिकेशन को आसान बनाने के लिए काउंसिल ने PhD थीसिस बाइंडिंग के लिए फैकल्टी वाइज कलर कोडिंग को मंजूरी दी। शोध की गुणवत्ता और दस्तावेजीकरण को बेहतर बनाने के लिए पीएचडी शोध प्रबंधों की फैकल्टी वाइज कलर सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया गया। प्रबंधन, वाणिज्य, शिक्षा, विज्ञान और इंजीनियरिंग फैकल्टी के शोध प्रबंध नीले रंग में होंगे। कला, ललित कला, विधि और अभिनवगुप्त संस्थान के लिए मैरून तथा कृषि, योग एवं वैकल्पिक चिकित्सा, आयुर्वेद और यूनानी फैकल्टी के लिए फॉरेस्ट ग्रीन रंग निर्धारित किया गया है।


