UP TGT 2026 में 8.68 लाख अभ्यर्थी, कितने जिलों में बने परीक्षा केंद्र; समझिए पूरा प्लान
UPESSC ने UP TGT Exam City Slip 2026 जारी कर दी है। 3539 पदों के लिए 8.68 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा 3 और 4 जून को 36 जिलों के 614 केंद्रों पर आयोजित होगी।

उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक यानी टीजीटी भर्ती परीक्षा को लेकर लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने तीन और चार जून को होने वाली लिखित परीक्षा के लिए जनपद आवंटन की सूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के जरिए कुल 3539 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जबकि इसके लिए 8 लाख 68 हजार 531 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए आयोग ने प्रदेश के 36 जिलों में 614 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।
वेबसाइट पर जारी हुआ पूरा शेड्यूल
आयोग की ओर से परीक्षा का तिथिवार, विषयवार और पालीवार कार्यक्रम भी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। उम्मीदवार अब अपनी परीक्षा किस शहर में होगी, इसकी जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके लिए आयोग ने UP TGT Exam City Slip 2026 जारी कर दी है। जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, वे आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर अपनी परीक्षा सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं।
कैसे डाउनलोड करें एग्जाम सिटी स्लिप
टीजीटी परीक्षा शहर की जानकारी देखने के लिए उम्मीदवारों को वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होगा। इसके लिए नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि की जरूरत पड़ेगी। सबसे पहले अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद होमपेज पर दिए गए NOTICE BOARD सेक्शन को खोलें। वहां GT 01/2022 तिथिवार, विषयवार एवं पालीवार लिंक पर क्लिक करें। फिर मांगी गई लॉगिन डिटेल भरें। जानकारी सबमिट करते ही एग्जाम सिटी स्लिप स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी। भविष्य की जरूरत के लिए इसका प्रिंट आउट भी निकालकर रख लें।
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
टीजीटी भर्ती परीक्षा का आयोजन 3 और 4 जून 2026 को किया जाएगा। परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी। वहीं दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।
एडमिट कार्ड इस दिन आएंगे
यूपी टीजीटी परीक्षा के एडमिट कार्ड 30 मई 2026 को जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से अपने लॉगिन क्रेडेंशियल के जरिए एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य रहेगा। बिना एडमिट कार्ड किसी भी अभ्यर्थी को एग्जाम सेंटर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


