UP TGT Exam : यूपी टीजीटी परीक्षा आधों ने छोड़ी, भूगोल ने छुड़ाए पसीने, इतिहास आसान, क्या होगी स्केलिंग

Pankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, कार्यालय संवाददाता, प्रयागराज
share

यूपी टीजीटी टीजीटी सामाजिक विज्ञान परीक्षा में विभिन्न विषयों के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में असमानता को लेकर अभ्यर्थियों ने स्केलिंग अथवा नॉर्मलाइजेशन प्रणाली लागू करने की मांग उठाई है।

UP TGT Exam : यूपी टीजीटी परीक्षा आधों ने छोड़ी, भूगोल ने छुड़ाए पसीने, इतिहास आसान, क्या होगी स्केलिंग

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा में सामाजिक विज्ञान विषय के प्रश्नपत्र को लेकर अभ्यर्थियों में असंतोष दिखा। अभ्यर्थियों का कहना है कि सामाजिक विज्ञान के अंतर्गत शामिल इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र विषयों के सवाल कठिन रहे। वहीं, अभ्यर्थियों के अनुसार भूगोल के प्रश्न अपेक्षाकृत अधिक जटिल और विश्लेषणात्मक थे, जबकि इतिहास के अधिकांश प्रश्न सीधे तथ्यों और सामान्य अवधारणाओं पर आधारित थे। राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र के प्रश्नपत्र मध्यम स्तर के बताए जा रहे हैं। परीक्षा में अरस्तु के राज्य संबंधी विचार, कौटिल्य के अर्थशास्त्र, रूसो की पुस्तक द सोशल कॉन्ट्रैक्ट, लोकतंत्र के विभिन्न मॉडल, संसद और संविधान से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे गए।

इसके अलावा गांधी के नमक सत्याग्रह, भारत छोड़ो आंदोलन, संयुक्त राष्ट्र, लोकपाल, सरकारिया आयोग, संसदीय विशेषाधिकार, राष्ट्रपति की क्षमादान शक्ति और चुनाव प्रणाली जैसे विषयों से भी प्रश्न शामिल किए गए। कई अभ्यर्थियों का कहना है कि भूगोल और राजनीति विज्ञान के कुछ प्रश्न उच्च स्तरीय अवधारणाओं पर आधारित थे, जबकि इतिहास में अपेक्षाकृत सरल प्रश्न पूछे गए।

परीक्षार्थी बोले औसत रहा पेपर

परीक्षार्थी राजन त्रिपाठी ने कहा कि भूगोल के प्रश्न कुछ जटिल लगे बांकी पेपर औसतन रहा। सुजीत जोशी ने बताया कि जिस हिसाब से तैयारी थी उस हिसाब से हिंदी का पेपर सरल लगा। ऋषभ तिवारी ने कहा कि कुछ दिक्कतों के कारण तैयारी सही से नहीं हो पाई लेकिन पेपर ठीक गया। सत्या त्रिपाठी ने बोले हिंदी का पेपर सरल लगा, कम ही समय में पेपर कर लिया।

2.21 लाख से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल

पहले दिन टीजीटी परीक्षा में कुल 2,21,489 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी 45.41 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की 52.42 प्रतिशत रही। आयोग ने दावा किया कि व्यापक निगरानी, प्रशासनिक सतर्कता और पुलिस सहयोग के कारण परीक्षा, नकलविहीन, शुचितापूर्ण तथा समयबद्ध तरीके से हुई।

टीजीटी सामाजिक विज्ञान में स्केलिंग की मांग तेज

टीजीटी सामाजिक विज्ञान परीक्षा में विभिन्न विषयों के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में असमानता को लेकर अभ्यर्थियों ने स्केलिंग अथवा नॉर्मलाइजेशन प्रणाली लागू करने की मांग उठाई है। प्रतियोगी छात्र सुनील ने कहा कि इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान एवं अर्थशास्त्र विषयों के प्रश्नपत्रों का स्तर एक समान नहीं रहा, जिससे निष्पक्ष चयन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। तर्क है कि कठिन प्रश्नपत्र वाले विषयों के उम्मीदवार अपेक्षाकृत कम अंक प्राप्त करेंगे, जबकि सरल प्रश्नपत्र वाले विषयों के अभ्यर्थियों को मेरिट में बढ़त मिल सकती है। इससे कई योग्य अभ्यर्थी चयन सूची से बाहर हो सकते हैं।

11 फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए, 9 पुलिस गिरफ्त में

टीजीटी भर्ती परीक्षा में बुधवार को फर्जी अभ्यर्थियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। आयोग के उपसचिव की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे कुल 11 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए, जिनमें से 9 को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी परीक्षा केंद्रों से फरार हो गए। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन संख्या 01/2022 के अंतर्गत आयोजित टीजीटी परीक्षा के 15 विषयों में से बुधवार को आठ विषयों की लिखित परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली में सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, विज्ञान और उर्दू तथा दूसरी पाली में हिंदी, गणित, कृषि और संगीत गायन विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा प्रदेश के 36 जिलों के 514 और 508 परीक्षा केंद्रों पर कराई गई। परीक्षा की निगरानी आयोग मुख्यालय में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से की गई। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से अभ्यर्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। जांच के दौरान पहली पाली में लखनऊ, बरेली और चित्रकूट में दो-दो तथा जौनपुर और मिर्जापुर में एक-एक फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया। दूसरी पाली में लखनऊ में दो और हाथरस में एक प्रतिरूपण का मामला सामने आया। सभी मामलों में पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay

पंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार

शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।


15 से अधिक सालों का अनुभव

पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।


विजन

तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।


विशेषज्ञता

तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी

और पढ़ें
करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।