यूपी स्पेशल टीईटी की शर्त के खिलाफ शिक्षक पहुंचे हाईकोर्ट, जानें क्या है मांग
चयन आयोग की ओर से पांच सितंबर को जारी विज्ञापन में यह शर्त है कि प्राथमिक स्तर के विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक प्राथमिक स्तर की विशेष टीईटी के लिए अर्ह होंगे। जबकि उच्च प्राथमिक स्तर/जूनियर हाईस्कूल स्तर के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक उच्च प्राथमिक स्तर की विशेष टीईटी के लिए अर्ह होंगे।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की स्पेशल टीईटी-2026 को लेकर शिक्षकों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। चयन आयोग की ओर से पांच सितंबर को जारी विज्ञापन में यह शर्त है कि प्राथमिक स्तर के विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक प्राथमिक स्तर की विशेष टीईटी के लिए अर्ह होंगे। जबकि उच्च प्राथमिक स्तर/जूनियर हाईस्कूल स्तर के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक उच्च प्राथमिक स्तर की विशेष टीईटी के लिए अर्ह होंगे।
जानें क्या है शिक्षकों की मांग
प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों ने उच्च प्राथमिक (जूनियर) स्तर की टीईटी में भी आवेदन करने का विकल्प दिए जाने की मांग की है। याचिकाकर्ता वंदना उपाध्याय एवं 28 अन्य ने इसी शर्त को चुनौती दी है।
इस मामले की सुनवाई पांच अक्टूबर को न्यायमूर्ति विनोद दिवाकर की अदालत में हुई और अगली सुनवाई की तारीख 28 अक्तूबर निर्धारित हुई है। अदालत ने साफ किया है कि अगली तारीख पर निर्देश लेने के लिए कोई और समय नहीं दिया जाएगा।
सहायक शिक्षक भर्ती में टीईटी अनिवार्य करने की तैयारी
उत्तर प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) की अगली भर्ती में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अनिवार्य करने की तैयारी है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ शिक्षा (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी) सेवा नियमावली, 2024 में संशोधन का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रस्ताव के तहत शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के मानकों के अनुरूप तय की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल की ओर से 14 सितंबर 2026 को भेजे गए पत्र में नियमावली पर दोबारा विचार करने का अनुरोध किया गया है। सात सितंबर को अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए गए थे। इसके बाद राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों की शैक्षिक योग्यता में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया गया।
एनसीटीई की गाइडलाइन क्या है
एनसीटीई के 12 नवंबर 2014 के मानकों के अनुसार कक्षा छह से दस तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए स्नातक में कम से कम 50 प्रतिशत अंक या स्नातकोत्तर में 45 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की डिग्री और मान्य संस्थान से बीएड की योग्यता निर्धारित है। विभाग ने इन्हीं मानकों के आधार पर नियमावली में जरूरी बदलाव का प्रस्ताव दिया है।
वर्तमान नियमावली में क्या है
वर्तमान नियमावली में बीएड की योग्यता का उल्लेख तो है, लेकिन स्नातक और स्नातकोत्तर में न्यूनतम अंकों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में नियमावली को एनसीटीई के मानकों के अनुरूप बनाने की जरूरत बताई गई है। इसके अलावा कक्षा छह से दस तक पढ़ाने वाले शिक्षकों की भर्ती संबंधी प्रावधानों को भी स्पष्ट करने का प्रस्ताव है।

