
UP Scholarship : अब साल में दो बार छात्रवृत्ति, ऐप से कर सकेंगे आवेदन, मिलेगा फ्रीशिप कार्ड, यूपी सरकार का ऐलान
सीएम योगी ने कहा है कि यूपी में हर पात्र छात्र-छात्रा को छात्रवृत्ति मिलेगी। अगले माह छूटे छात्रों को छात्रवृत्ति मिलेगी। छात्रवृत्ति पाने वालों में एससी-एसटी, ओबीसी, सामान्य और अल्पसंख्यक श्रेणी के कक्षा नौ से स्नातकोत्तर तक विद्यार्थी शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर 10.28 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति का तोहफा दिया। योगी ने डीबीटी के माध्यम से इन छात्रों के बैंक खाते में 297.50 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी। उन्होंने कहा कि अब छात्रवृत्ति से कोई भी पात्र छात्र वंचित नहीं रहेगा। छात्रवृत्ति पाने वालों में एससी-एसटी, ओबीसी, सामान्य और अल्पसंख्यक श्रेणी के कक्षा नौ से स्नातकोत्तर तक विद्यार्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में शुक्रवार को कहा कि सपा सरकार ने तो वर्ष 2016-17 में अनुसूचित जाति व जनजाति के छात्रों की छात्रवृत्ति ही रोक ली थी। सत्ता संभालते ही मैंने सबसे पहले इन छात्रों को छात्रवृत्ति दी। अब बिना भेदभाव के इसका लाभ सभी वर्गों के छात्रों को दिया जा रहा है।

वर्ष में दो बार छात्रवृत्ति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण में लगातार पारदर्शिता बढ़ाई जा रही है। अब साल के अंत में नहीं, बल्कि वर्ष में दो बार छात्रवृत्ति देने की व्यवस्था की है। अब अक्तूबर और जनवरी में हर साल छात्रवृत्ति मिलेगी। अब 62 लाख विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल रहा है।
पढ़ने जरूर जाएं
योगी ने छात्रों का आह्वान किया कि वह पढ़ाई करने जरूर जाएं। खासकर एसी-एसटी छात्रों से कहना चाहता हूं कि वह विद्यालय व कॉलेज जरूर जाएं। बाबा साहेब आंबेडकर ने कहा था कि पढ़ लिखकर ही भविष्य संवारा जा सकता है। आप पढ़कर खुद अपना, समाज व देश का भविष्य संवारिये।
अगले माह छूटे छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले महीने इन छूटे छात्रों को भी छात्रवृत्ति मिल जाएगी। बीते वर्ष के जो 5.87 लाख छात्र संस्थानों की गलती से छात्रवृत्ति पाने से वंचित रह गए थे, उन्हें भी इसका लाभ देने को आवेदन लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते आठ वर्षों में हमारी सरकार ने 4.27 करोड़ छात्रों को छात्रवृत्ति दी है। अभी दशहरा से पहले 3.87 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई थी। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड और राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी भी मौजूद रहे।
ऐप से आवेदन
कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि छात्रों को मोबाइल ऐप से छात्रवृत्ति आवेदन सुविधा जल्द दी जाएगी। अगले साल से जीरो फीस पर दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को फ्रीशिप कार्ड मिलेगा, जिसे दिखाकर आराम से पढ़ाई कर सकेंगे।
किसको कितना वजीफा
श्रेणी छात्र राशि
एससी-एसटी 3.56 लाख 114 करोड़
ओबीसी 4.83 लाख 126 करोड़
सामान्य 97 हजार 29 करोड़
अल्पसंख्यक 90 हजार 27 करोड़





