
UP Scholarship 2025: आर्थिक सहारा देने के लिए शुरू हुआ आवेदन, फॉर्म भरने से पहले जानिए जरूरी बातें
संक्षेप: उत्तर प्रदेश के लाखों छात्रों के लिए राहत की खबर सामने आई है। अब स्कॉलरशिप फॉर्म 2025 के लिए आवेदन शुरू हो गया है, जिसके तहत बिना फीस के हर वर्ग के विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
UP Scholarship 2025: उत्तर प्रदेश के लाखों छात्रों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए यूपी स्कॉलरशिप ऑनलाइन फॉर्म की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें प्री-मैट्रिक (कक्षा 9वीं और 10वीं), पोस्ट-मैट्रिक (कक्षा 11वीं और 12वीं) और दशमोत्तर (स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और पीएचडी कोर्स) स्कॉलरशिप शामिल हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 20 दिसंबर 2025 रखी गई है, और छात्रों को फॉर्म का प्रिंटआउट 23 दिसंबर 2025 तक लेना अनिवार्य होगा।

छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन भरने के बाद उसकी हार्ड कॉपी अपने संबंधित स्कूल या कॉलेज में 24 दिसंबर 2025 तक जरूर जमा कर दें। अगर छात्र फॉर्म स्कूल/कॉलेज में नहीं जमा करते हैं, तो उनका आवेदन स्वतः रद्द हो जाएगा। वहीं संस्थानों द्वारा ऑनलाइन वेरिफिकेशन की आखिरी तारीख 10 दिसंबर 2025 तय की गई है।
आवेदन का नहीं लगेगा कोई शुल्क
आवेदन शुल्क की बात करें तो सभी वर्गों के छात्रों के लिए यह बिल्कुल निशुल्क रखा गया है। सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला सभी वर्गों के छात्रों को फॉर्म भरने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
इन बातों का रखें ध्यान
छात्रों को आवेदन के समय जरूरी डॉक्यूमेंट्स की आवश्यकता होगी, जिसमें- आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक, इनकम सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की मार्कशीट, एनरोलमेंट नंबर, फीस रसीद आदि।
फॉर्म भरने की प्रक्रिया आसान है, इसके लिए छात्र यूपी स्कॉलरशिप की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ें, फिर रजिस्ट्रेशन करें, सभी जानकारियां सही-सही भरें और दस्तावेज अपलोड करके फॉर्म को सबमिट करें। बाद में फॉर्म का प्रिंट निकालकर स्कूल या कॉलेज में जमा करना अनिवार्य है।
कब तक मिलेगी स्कॉरलशिप?
फंड ट्रांसफर की प्रक्रिया 24 जनवरी 2026 से शुरू होगी, यानी योग्य छात्रों के बैंक खातों में सीधे राशि ट्रांसफर की जाएगी। यह स्कॉलरशिप उन छात्रों के लिए बड़ा सहारा है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, लेकिन शिक्षा में आगे बढ़ना चाहते हैं। इसलिए हर पात्र छात्र को समय पर आवेदन करने की सलाह दी जाती है।





